बिहार पुलिस में अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर अहम बदलाव किया गया है। अब दारोगा से लेकर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) रैंक तक के अधिकारियों की वार्षिक मूल्यांकन रिपोर्ट की समीक्षा पुलिस मुख्यालय के स्तर पर होगी। इस व्यवस्था के तहत अधिकारियों के कामकाज और प्रदर्शन का आकलन करने के बाद ही उन्हें प्रमोशन समेत अन्य सेवा संबंधी लाभ दिए जाएंगे। इसकी जानकारी सोमवार को पटना स्थित पुलिस मुख्यालय के सभागार में आयोजित साइबर अपराध से संबंधित कार्यशाला के दौरान दी गई। विशेष शाखा और एसटीएफ के डीजी कुंदन कृष्णन ने बताया कि अब मूल्यांकन की प्रक्रिया में मुख्यालय की भूमिका अहम होगी।
DSP के कामकाज की समीक्षा करेंगी DGP
नई व्यवस्था के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक यानी DSP स्तर के अधिकारियों की वार्षिक मूल्यांकन रिपोर्ट की समीक्षा सीधे पुलिस महानिदेशक (DGP) करेंगी। वहीं, दारोगा और इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों के कामकाज का आकलन पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे। इस समीक्षा में अधिकारियों के प्रदर्शन और जिम्मेदारियों के निर्वहन को ध्यान में रखा जाएगा। मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर ही प्रमोशन और दूसरे सेवा लाभों पर विचार किया जाएगा। इस बदलाव का उद्देश्य पदोन्नति प्रक्रिया में कामकाज के आकलन को अधिक प्रभावी बनाना है।
साइबर अपराध पर आयोजित कार्यशाला में दी गई जानकारी
पुलिस मुख्यालय में यह कार्यशाला महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले ऑनलाइन अपराधों तथा उनसे जुड़े मामलों के अनुसंधान को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। इसमें कुल दस विशेष सत्र रखे गए हैं। अधिकारियों ने साइबर अपराध की जांच, तकनीकी साक्ष्य जुटाने और लंबित मामलों के निपटारे पर चर्चा की। डीजी कुंदन कृष्णन ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े ऑनलाइन अपराधों की जांच में जरूरत पड़ने पर इंटरपोल और सीबीआई जैसी एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाना चाहिए। उन्होंने लंबित अनुसंधान को कम करने के लिए नियमित पर्यवेक्षण और जांच की गुणवत्ता सुधारने पर भी जोर दिया।
ऑनलाइन ठगी और म्यूल बैंक खातों पर कार्रवाई के निर्देश
कार्यशाला में ऑनलाइन सट्टेबाजी और वित्तीय साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की रणनीति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को ऐसे मामलों में एक साथ छापेमारी करने, सर्च वारंट हासिल करने और म्यूल बैंक खातों को समय रहते फ्रीज कराने की दिशा में काम करने का सुझाव दिया गया। इसके साथ ही डार्क वेब और साइबर दुनिया से अपराध से जुड़ी सूचनाएं जुटाने पर भी जोर दिया गया, ताकि डिजिटल माध्यम से होने वाले अपराधों की पहचान और जांच तेजी से की जा सके।
AI और डीपफेक जैसी चुनौतियों से निपटने पर जोर
सीआईडी के एडीजी पारसनाथ ने कहा कि डिजिटल दौर में कोई भी व्यक्ति या संस्था साइबर जोखिमों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों को अपनी तकनीकी दक्षता, अनुसंधान क्षमता और कानूनी जानकारी लगातार बढ़ानी होगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञ लेखों, अदालतों के महत्वपूर्ण फैसलों और नई तकनीकों का अध्ययन करने की सलाह दी। वहीं, साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (CCSU) के आईजी रंजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि साइबर अपराध की जांच में केवल वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड पर्याप्त नहीं होते। अपराध की प्रकृति के अनुसार अलग-अलग तकनीकी और अनुसंधान पद्धतियों को अपनाना जरूरी है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक जैसी उभरती तकनीकों से पैदा हो रही चुनौतियों के प्रति भी पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। कार्यक्रम में CCSU के डीआईजी अवकाश कुमार और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की उपनिदेशक ऐश्वर्या समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।