वाराणसी में आज, 24 नवंबर को देव दीपावली का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी के गंगा घाटों से लेकर गंगा पार के रेतीले तट तक दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। इस बार शहर में 21 लाख से अधिक दीये जलाने की तैयारी है। आयोजन को देखने के लिए देश-विदेश से करीब 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। दीपदान के अलावा गंगा आरती, 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो, ड्रोन शो और हरित आतिशबाजी उत्सव को खास बनाएंगे।

21 लाख दिए जलेंगे 

देव दीपावली के मौके पर काशी के अर्धचंद्राकार गंगा घाटों को आकर्षक रंगोली, फूलों और रोशनी से सजाया गया है। शाम 5:15 बजे से 5:45 बजे के बीच एक साथ 21 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे। इनमें करीब 11 लाख दीये शासन की ओर से और 10 लाख दीये विभिन्न समितियों तथा काशीवासियों की ओर से प्रज्वलित किए जाएंगे। दीपों की रोशनी से गंगा के 84 स्थायी घाट, नदी के दूसरी ओर का रेतीला क्षेत्र और शहर के अलग-अलग हिस्से जगमगाएंगे। इस नजारे को देखने के लिए करीब 15 लाख लोगों के काशी पहुंचने की संभावना है।

51 घाटों पर होगी गंगा आरती

दीप प्रज्वलन के बाद शाम 6 बजे से 7 बजे तक काशी के 51 घाटों पर गंगा आरती आयोजित की जाएगी। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली भव्य महाआरती मुख्य आकर्षण रहेगी। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और दीपों की रोशनी से गंगा तट का माहौल भक्तिमय हो जाएगा। श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर मां गंगा की आरती में शामिल हो सकेंगे। गंगा में नौका विहार करने वाले पर्यटक भी रोशनी से सजे घाटों का नजारा देख सकेंगे।

चेतसिंह किले पर होगा 3D प्रोजेक्शन और लेजर शो

देव दीपावली के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस बार आधुनिक तकनीक का भी खास इस्तेमाल किया जाएगा। चेतसिंह किले की प्राचीर पर शाम 7:20 बजे से 7:45 बजे तक विशेष 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित होगा। करीब 25 मिनट के इस कार्यक्रम में 17 मिनट की 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट का लेजर शो होगा। संगीत और रोशनी के जरिए काशी, भगवान शिव और मां गंगा से जुड़ी कथाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।

रात 8 बजे 2100 ड्रोन दिखाएंगे आसमान में अद्भुत आकृतियां

देव दीपावली का एक बड़ा आकर्षण 2100 स्वदेशी ड्रोन का शो होगा। रात 8 बजे से 8:10 बजे तक गंगा पार रेतीले क्षेत्र के ऊपर ड्रोन आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाएंगे। इस दौरान भगवान शिव, शिव तांडव, माहेश्वर सूत्र, काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की आकृतियां रोशनी के जरिए दिखाई जाएंगी। यह काशी में देव दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाला पहला बड़ा ड्रोन शो है।

रात 8:30 बजे होगी हरित आतिशबाजी

उत्सव का समापन हरित हवाई आतिशबाजी के साथ होगा। रात 8:30 बजे से 8:40 बजे तक ललिता घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में आतिशबाजी की जाएगी। इस दौरान शिव तांडव स्तोत्र और भक्ति संगीत की धुनों के बीच आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएगा।

देव दीपावली 2026 का पूरा कार्यक्रम

  1. दीप प्रज्वलन: शाम 5:15 से 5:45 बजे तक, गंगा घाट और गंगा पार रेती।
  2. गंगा आरती: शाम 6 से 7 बजे तक, 51 घाटों पर; दशाश्वमेध घाट पर महाआरती।
  3. 3D प्रोजेक्शन और लेजर शो: शाम 7:20 से 7:45 बजे तक, चेतसिंह किला।
  4. ड्रोन शो: रात 8 से 8:10 बजे तक, गंगा पार रेती में चेतसिंह घाट के सामने।
  5. हरित आतिशबाजी: रात 8:30 से 8:40 बजे तक, ललिता घाट के सामने गंगा पार।

सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन की विशेष तैयारी

देव दीपावली पर भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों, प्रमुख रास्तों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा निगरानी में एटीएस, क्विक रिस्पांस टीम और एंटी-ड्रोन सिस्टम की भी मदद ली जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दीपदान, गंगा आरती और अन्य आयोजनों में शामिल हो सकें। काशी में देव दीपावली का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम पेश करेगा। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीये और आसमान में रोशनी से बनती आकृतियां इस शाम को यादगार बनाने वाली हैं।