टीवी के पॉपुलर कपल अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह के रिश्ते को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थीं। दोनों के बीच आई दूरियों और सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों के बाद अब अविनाश मिश्रा ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है। एक्टर ने ईशा सिंह के साथ अपने ब्रेकअप की बात एक्सेप्ट करते हुए इसकी जिम्मेदारी खुद ली है। इतना ही नहीं, उन्होंने ईशा और उनके परिवार से माफी भी मांगी है। अविनाश के इस बयान के सामने आने के बाद एक बार फिर दोनों के फैंस के बीच हलचल मच गई है। जो लोग इस जोड़ी को साथ देखना पसंद करते थे, उनके लिए ये खबर किसी झटके से कम नहीं है।

ब्रेकअप को लेकर क्या बोले अविनाश मिश्रा?

दरअसल, हाल ही में अविनाश मिश्रा की एक DJ परफॉर्मेंस सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई थी। इस दौरान उन्होंने जो गाना बजाया था उसे लोगों ने उनकी पर्सनल लाइफ और ईशा सिंह के साथ उनके रिश्ते से जोड़कर देखना शुरू कर दिया। देखते ही देखते परफॉर्मेंस के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे और दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं। जब ईशा पर आरोप लग्न लगे तो ईशा और उनके परिवार वालों ने अविनाश को एक्सपोज करना शुरू कर दिया। अब अविनाश ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपना पक्ष रखा है। उन्होंने साफ किया कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। अविनाश ने इस पूरे मामले पर अफसोस जताते हुए माना कि उनकी वजह से ईशा और उनके परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपने रिश्ते के टूटने की जिम्मेदारी भी खुद ली और कहा कि अगर इस ब्रेकअप के लिए किसी को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए, तो वो खुद हैं।

अविनाश ने ईशा और उनके परिवार से मांगी माफी

अविनाश के बयान में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात उनकी माफी रही। अविनाश ने ये बात कबूल की कि हालात जिस तरह बिगड़े, उससे ईशा और उनके करीबी लोगों को दुख पहुंचा। उन्होंने अपनी गलती मानते हुए ईशा के परिवार और उनसे जुड़े लोगों से भी माफी मांगी है। अविनाश ने ये भी कहा कि वो खुद पर ध्यान देना चाहते हैं और अपनी जिंदगी में कुछ बदलाव करने की जरूरत महसूस कर रहे हैं। उनके इस बयान से साफ है कि वो अब इस मामले को और आगे बढ़ाने के बजाय खुद को और अपनी गलतियों को सुधारना चाहते हैं।

फैंस से की खास अपील

अपने बयान में अविनाश ने सोशल मीडिया यूजर्स और फैंस से एक खास अपील भी की। उन्होंने कहा कि उनके और ईशा के निजी मामले में परिवार के सदस्यों और दोस्तों को निशाना बनाना सही नहीं है। अविनाश ने इस बात पर नाराजगी जताई कि विवाद के चलते उनके करीबियों को धमकी भरे मैसेज भेजे जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दो लोगों के रिश्ते से जुड़े मामले में उनके परिवारों को शामिल न किया जाए। अविनाश का कहना है कि उन्हें थोड़ा समय चाहिए, ताकि वो खुद पर काम कर सकें और अपनी जिंदगी को बेहतर दिशा दे सकें।