टीवी की मशहूर एक्ट्रेस टीना दत्ता के साथ हाल ही में एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने उन्हें बुरी तरह डरा दिया। उनके मुंबई वाले घर की फॉल्स सीलिंग अचानक नीचे गिर गई। इस घटना से एक्ट्रेस इतनी घबरा गईं कि वो करीब दो दिनों तक सदमे में रहीं। घर में हुई इस घटना ने उन्हें अंदर तक झकझोर कर रख दिया। टीना दत्ता ने बताया कि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर अचानक ऐसा कैसे हो गया। हादसे का असर इतना ज्यादा था कि वो अगले दो दिनों तक मानसिक रूप से परेशान रहीं।
सिर और कंधों पर गिरने लगी छत
टीना दत्ता ने बताया कि जिस घर को उन्होंने बड़े प्यार और मेहनत से सजाया था, उसी घर की फॉल्स सीलिंग अचानक नीचे गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि टीना को संभलने तक का मौका नहीं मिला। छत का मलबा सीधे उनके सिर, गर्दन और कंधों पर गिरने लगा। टीना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपने साथ हुई इस घटना के बारे में बताया है। उन्होंने अपने घर की मौजूदा हालत भी दिखाई, जिसे देखकर उनके फैंस काफी हैरान और परेशान हैं।
कोलकाता से वापस आने के बाद हुआ हादसा
टीना दत्ता ने बताया कि 31 अक्टूबर को दुर्गा पूजा के बाद वो कोलकाता से वापस अपने घर आई थीं। घर पहुंचकर उन्होंने सामान रखा, कपड़े बदले और नहाने के बाद लिविंग रूम में आकर बैठ गईं। इसके बाद वो अपना सूटकेस खोलने के लिए आगे बढ़ीं, तो उन्हें कारपेट पर एक बड़ा टुकड़ा पड़ा दिखाई दिया। शुरुआत में उन्हें लगा कि घर में काम करने के दौरान स्टाफ से गंदगी हो गई होगी। लेकिन जब उन्होंने ध्यान से देखा तो उन्हें कुछ अजीब लगा। वो खिड़की की तरफ बढ़ीं कि कहीं कोई चीज बाहर से तो नहीं आई है। तभी अचानक उनके सिर, गर्दन और कंधों पर मलबा गिरने लगा। ऊपर देखने पर उन्हें पता चला कि उनके घर की फॉल्स सीलिंग टूटकर नीचे गिर रही थी।
फूट-फूटकर रोईं टीना दत्ता
टीना ने बताया कि उन्होंने अपना घर बेहद प्यार से बनवाया था। घर की डिजाइनिंग से लेकर सजावट तक, हर छोटी-बड़ी चीज उनकी पसंद के मुताबिक थी। ऐसे में अचानक छत का गिर जाना उनके लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं था। ऐसे में दो दिनों तक सुन्न रहने के बाद, तीसरे दिन जब उन्हें धीरे-धीरे समझ आया कि उनके साथ क्या हुआ है, तब वो फूट-फूटकर रोईं। जब उन्हें एहसास हुआ कि अब रोने से कुछ नहीं बदलेगा, तो उन्हें हिम्मत जुटाकर घर को दोबारा ठीक करवाने का फैसला किया।
सोफा, अवॉर्ड्स और कीमती सामान हुआ खराब
अब टीना ने अपने वीडियो में घर के उस हिस्से की झलक भी दिखाई, जहां फॉल्स सीलिंग गिरने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। एक्ट्रेस ने बताया कि उनका पसंदीदा सोफा अब पहले जैसा नहीं रहा। घर में रखे कई अवॉर्ड्स भी इस हादसे में खराब हो गए। सबसे ज्यादा दुख उन्हें अपने वॉलपेपर के खराब होने का है, जो उन्होंने इटली से मंगवाया गया था। इतने बड़े नुकसान के बाद भी टीना ने अपने फैंस से कहा कि वो इस हादसे से दुखी जरूर हैं और उनका दिल भी टूटा है, लेकिन वो दोबारा शुरुआत करेंगी।