टीवी के पॉपुलर और कंट्रोवर्शियल रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में फैमिली वीक को लेकर फैंस के बीच काफी एक्साइटमेंट है। पिछले कुछ दिनों से फैमिली वीक को लेकर काफी चर्चा चल रही है। अब सिर्फ कंटेस्टेंट्स ही नहीं बल्कि दर्शक भी फैमिली वीक वाले एपिसोड्स का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच अब एक बड़ी जानकारी सामने आई है। पहले स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी हिरानंदानी ने शो में आने से मना कर दिया था। अब खबर है कि स्काउट के घरवाले भी फैमिली वीक में नजर नहीं आएंगे। ऐसे में उनकी जगह कौन बीबी हाउस में एंट्री लेगा, अब वो नाम भी सामने आ गया है।

काशवी के बाद परिवार ने बनाई स्काउट से दूरी?

स्काउट ओपी को उम्मीद थी कि इस खास मौके पर उनके परिवार से कोई घर में आएगा। लेकिन अब जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक, स्काउट के माता-पिता भी इस बार शो का हिस्सा नहीं बनेंगे। इससे पहले काशवी हिरानंदानी ने भी फैमिली वीक में आने से साफ मना कर दिया था। उन्होंने अपने यूट्यूब लाइव में बताया था कि वो पहले ही मेकर्स को अपना फैसला बता चुकी हैं। काशवी का कहना है कि वो अब किसी नए विवाद या परेशानी में नहीं पड़ना चाहतीं। वो बाहर रहकर दोस्तों के साथ शो देखना और एंजॉय करना पसंद करेंगी। 

फैमिली वीक में स्काउट के लिए आएगा कौन?

दूसरी तरफ अब ये जानकारी मिली है कि स्काउट ओपी के लिए फैमिली वीक में उनके करीबी दोस्त वंशज सिंह आने वाले हैं। वंशज ने खुद सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि वो स्काउट के लिए फैमिली वीक में जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने फैंस से ये भी पूछा कि घर के अंदर जाने से पहले उन्हें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। आपको बता दें, वंशज सिंह भी यूट्यूबर हैं और स्काउट के अच्छे दोस्तों में गिने जाते हैं। उन्हें कई मौकों पर स्काउट का सपोर्ट करते हुए देखा गया है। ऐसे में उनकी एंट्री स्काउट के लिए किसी करीबी अपने से मुलाकात जैसी हो सकती है। 

कब शुरू होगा फैमिली वीक?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'बिग बॉस 20' का फैमिली वीक 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चल सकता है। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि वंशज सिंह की घर में एंट्री के बाद स्काउट का रिएक्शन कैसा होगा और वंशज अपने दोस्त को क्या खास सलाह देंगे। साथ ही स्काउट अपने दोस्त की बात सुनकर गेम में क्या बदलाव करते हैं, ये जानने के लिए भी फैंस एक्साइटेड हैं।