बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र को इस दुनिया से गए आज एक साल हो गया है। आज उनकी पहली पुण्यतिथि है और इस मौके पर हेमा मालिनी बेहद भावुक नजर आ रही हैं। हेमा मालिनी ने एक पोस्ट शेयर कर भावुक होते हुए अपने पति को याद किया है। सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के साथ कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने अपने दिल की बात लिखी। उनका पोस्ट पढ़कर फैंस भी भावुक हो गए हैं। बॉलीवुड के 'हीमैन' धर्मेंद्र भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। वहीं, धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर हेमा मालिनी ने पोस्ट में पति को खोने का दर्द साफ झलक रहा है।
'वो सिर्फ पति नहीं, मेरी पूरी दुनिया थे'
हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के साथ बिताए पुराने पलों की तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा- 'पूरा एक साल बीत गया, लेकिन मेरे दुख की इंटेंसिटी कम नहीं हुई है। मैं एक ऐसे इंसान के चले जाने का गहरा और कभी न भर पाने वाला शोक मना रही हूं, जो सिर्फ मेरे पति ही नहीं थे- बल्कि वो मेरे लिए सब कुछ थे- मेरे दोस्त, फिलोसोफर और मार्गदर्शक, जो मेरी बैकबोन थे, वो मेरा अस्तित्व थे। उनके बिना जीवन बहुत सूना लगता है। उनका प्रभावशाली पर्सनालिटी, उनकी स्वाभाविक अच्छाई जो उनके पूरे अस्तित्व में रची-बसी थी और जो उन्हें जानने वाले हर व्यक्ति तक उनके प्यार के रूप में पहुंचती थी- वो एक ऐसे अनोखे इंसान थे, जो सफलता के शिखर पर पहुंचने के बावजूद हमेशा जमीन से और अपनी जड़ों से जुड़े रहे।'
हेमा ने किया भगवद गीता का जिक्र
हेमा मालिनी ने आगे लिखा, 'भगवद गीता हमें बताती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है। मैं ये बात जानती हूं, लेकिन अभी मैं इसी जीवन में हूं और उनकी लविंग प्रजेंस की कमी मुझे बहुत खलती है। मैं उन लाखों फैंस को धन्यवाद कहती हूं जिन्होंने इस उदार और प्यारे इंसान को याद किया और धर्म जी के बारे में इतने प्यारे नोट्स भेजे- ये बताया कि वो उनके लिए क्या मायने रखते थे। आप सभी को एक बार फिर से धन्यवाद।'
कम नहीं हुआ हेमा का दुख
हेमा मालिनी के इस पोस्ट से साफ समझ आ रहा है कि उनके मन में पति को खोने का दुख पहले जैसा ही है। उन्होंने अपने पोस्ट में धर्मेंद्र को अपना सबसे करीबी दोस्त, मार्गदर्शक और सहारा बताया है। हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में धर्मेंद्र के व्यक्तित्व और उनकी सादगी को भी याद किया। अब इस पोस्ट पर फैंस और सेलेब्स भी रिएक्ट करते हुए नजर आ रहे हैं। कमेंट सेक्शन में लोगों को धर्मेंद्र को याद करते हुए देखा जा सकता है।