बिहार से मुंबई आई मनीषा रानी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। सोशल मीडिया से लेकर टीवी की दुनिया तक उन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर खास जगह बनाई है। इस मुकाम तक पहुंचने का उनका ये सफर आसान नहीं रहा। एक्ट्रेस ने इस दौरान काफी कुछ झेला है और कई मुश्किलों का सामना भी किया है। मनीषा रानी ने अपने पुराने इंटरव्यू में कास्टिंग काउच से जुड़ा एक ऐसा अनुभव शेयर किया था, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया था। मनीषा ने बताया था कि करियर के शुरुआती दिनों में एक शख्स ने उन्हें बड़े रियलिटी शो में काम दिलाने का भरोसा दिया था। शुरुआत में उसकी बातों पर उन्हें विश्वास हुआ, लेकिन बाद में उसका बर्ताव देखकर मनीषा को समझ आ गया कि मामला कुछ और ही है।
मनीषा रानी के साथ हुआ कास्टिंग काउच
मनीषा रानी ने पुराने इंटरव्यू में उस कास्टिंग काउच की घटना का जिक्र किया था। उन्होंने बताया कि एक 45-50 साल के बूढ़े और गंजे से आदमी ने उनके कई डांस वीडियो देखने के बाद उन्हें भरोसा दिलाया था कि वो उन्हें इंडस्ट्री में आगे बढ़ने का मौका दिला सकता है। उस समय मनीषा बिहार में थीं। शख्स की बातों पर भरोसा करके वो मुंबई भी पहुंच गईं। उन्हें लग रहा था कि शायद अब उनके करियर को एक नई दिशा मिलने वाली है। लेकिन मुंबई आने के बाद उस व्यक्ति का रवैया धीरे-धीरे बदलने लगा।
रात 3 बजे फोन कर बुलाया घर
एक्ट्रेस के मुताबिक, वो शख्स लगातार उनसे मिलने की बात करता था। शुरुआत में मनीषा ने इसे काम से जुड़ी सामान्य मुलाकात समझा, लेकिन एक दिन सारी हदें पार हो गईं। मनीषा ने बताया कि रात करीब 3 बजे उस शख्स ने उन्हें फोन किया और अपने घर आने के लिए कहा। इतनी रात में किसी के घर जाने की बात सुनकर एक्ट्रेस असहज हो गईं। उन्होंने साफ शब्दों में कह दिया कि वो घर नहीं आएंगी। मनीषा ने बताया कि उनके इनकार से वो शख्स नाराज हो गया। उसने उनसे बदतमीजी से बात की और इंडस्ट्री में काम नहीं मिलने देने जैसी धमकियां भी दीं और फिर फोन काट दिया। एक्ट्रेस ने बताया कि उस बातचीत के बाद उन्होंने बिना देर किए फौरन उस आदमी को ब्लॉक कर दिया।
एक्ट्रेस ने किया ब्लॉक
दरअसल, उन्हें एहसास हो गया था कि काम दिलाने का भरोसा देने वाला ये आदमी असलियत में उनकी मदद करने के इरादे से नहीं आया था।इस घटना के बावजूद मनीषा ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपने टैलेंट और मेहनत के दम पर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई है। 'बिग बॉस OTT 2' से उन्हें देशभर में पॉपुलैरिटी मिली। इसके बाद डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा 11' में हिस्सा लेकर उन्होंने अपने टैलेंट से एक बार फिर लोगों के दिल जीत लिए और शो की ट्रॉफी भी हासिल कर ली।