रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर लगातार कायमाबी के झंडे गाड़ रही है। रिलीज के 23 दिन बाद भी फिल्म की धुआंधार कमाई जारी है। इसी के साथ 'रामायण' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है। 'रामायण' अब 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली दूसरी हिंदी फिल्म बन गई है। 'रामायण' ने सिनेमाघरों में अपने सफर की शुरुआत शानदार ओपनिंग के साथ की थी। फिल्म ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 64.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इसके बाद शुरुआती दिनों में कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। अब फिल्म के 23वें दिन के आंकड़े भी सामने आ गए हैं। 

23वें दिन का कलेक्शन 

रिपोर्ट के मुताबिक, 'रामायण' ने रिलीज के 23वें दिन करीब 8.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 1,000.55 करोड़ रुपये पहुंच गया है। 1000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करना किसी भी फिल्म के लिए बड़ी बात है। 'रामायण' ने ये मुकाम हासिल कर बॉलीवुड की उन चुनिंदा फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है, जिन्होंने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इतना बड़ा कारोबार किया है। 

बनी 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली दूसरी हिंदी फिल्म 

इससे पहले रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' भारत में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन करने वाली पहली हिंदी फिल्म बनी थी। अब 'रामायण' ने भी इस खास क्लब में एंट्री मार ली है। फिल्म की रफ्तार को देखते हुए इसके कलेक्शन में आगे भी बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है। फिल्म की सफलता के पीछे इसकी मजबूत स्टारकास्ट और बड़े स्तर पर की गई सिनेमाई प्रस्तुति को भी अहम माना जा रहा है। आपको बता दें, भारतीय संस्कृति और पौराणिक महागाथा पर आधारित इस फिल्म को दो भागों में तैयार किया गया है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को रिलीज हुआ है और इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के दौरान सिनेमाघरों में आने की योजना है।

अब दूसरे पार्ट को लेकर फैंस में एक्साइटमेंट 

पहले पार्ट को मिल रही सफलता के बाद अब दर्शकों की नजरें इसके अगले हिस्से पर टिक गई हैं। कहानी के आगे बढ़ने, किरदारों के नए पहलुओं और बड़े पर्दे पर दिखाई जाने वाली भव्यता को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। फिलहाल 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना 'रामायण' के लिए एक बड़ी कामयाबी है। आने वाले दिनों में ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितने नए रिकॉर्ड बनती है, ये देखना भी दिलचस्प होगा।