Misa Bharti Viral Video : बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र क्षेत्र से लोकसभा सांसद एवं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से चल रहा है। इस वीडियो क्लिप में वह मोकामा विधायक अनंत सिंह के बोलने के खास तरीके की नकल करती दिख रहीं। दानापुर में एक शादी समारोह में मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुति चल रही थी। इस बीच कलाकार से बातचीत करते हुए मीसा भारती ने अनंत सिंह के अंदाज को दोहराया। उन्होंने कहा कि आजकल इंटरनेट पर कई चीजें खूब चल रहीं और उनमें एक नेता कलाकार को ‘ए गुंजन!’ कहकर बुला रहे थे। इतना कहते ही वहां बैठे लोग हंसने लगे और खुद मीसा भारती भी मुस्कुरा पड़ीं। इसके बाद उन्होंने थोड़ा रुककर कहा कि वह पहले जदयू के नेता रहे हैं, मगर अब यह साफ नहीं है कि वे आगे किस पार्टी में जाएंगे या नहीं जाएंगे। मीसा भारती ने कहा कि चूंकि वह राजद से जुड़ी हैं, इसलिए उनकी तरफ से ‘ए चंदन!’ कहा जाएगा और इसमें कोई परेशानी नहीं है। उनके इस चुटीले अंदाज को देख वहां मौजूद लोगों ने खूब तालियां बजाईं।

अनंत सिंह की सियासी दिशा पर कसा तंज

सांसद मीसा भारती ने केवल नकल ही नहीं की, बल्कि अनंत सिंह का नाम लिए बगैर उनके आगे के राजनीतिक सफर पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने मंच से हल्के अंदाज में यह टिप्पणी की कि पहले वे जदयू से जुड़े थे, लेकिन अब उनका अगला कदम किस दल की ओर होगा या वे किसी दल में रहेंगे भी या नहीं, इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता।

बेटी की भव्य शादी के खर्च पर जांच की मांग का मामला

यह पूरा वाकया ऐसे समय में चर्चा में है, जब हाल में अनंत सिंह की बेटी की बेहद भव्य शादी हुई थी। मीसा भारती पहले उस शादी में हुए खर्च को लेकर भी सवाल उठा चुकी हैं। राजद सांसद ने यह जानना चाहा था कि इतनी शानदार शादी के लिए इतना पैसा कहां से आया। उन्होंने इस पूरे खर्च की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) से कराने की मांग की थी। साथ ही उन्होंने यह सवाल भी उठाया था कि जब लालू प्रसाद यादव के परिवार में कोई शादी होती है तो जांच एजेंसियां फौरन नोटिस भेज देती हैं, ऐसे में इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

पहले जदयू एमएलसी नीरज कुमार भी कर चुके हैं ‘ए गुंजन’ पर कटाक्ष

मीसा भारती से पहले जदयू के एमएलसी नीरज कुमार भी अनंत सिंह के ‘ए गुंजन’ वाले लहजे की नकल कर चुके हैं। पटना स्नातक सीट के चुनाव के वक्त मोकामा विधायक ने नीरज कुमार का विरोध किया था और जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन दिया था। उस दौरान नतीजे आने से पहले ही जीत मानकर मिठाइयां तैयार करवा ली गई थीं, जबकि चुनाव में अनुज सिंह हार गए। पटना सीट जीतने के बाद नीरज कुमार ने अनंत सिंह के अंदाज में तंज कसते हुए कहा था कि गुंजन कहां है और मिठाइयां ले जाए।