रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' की रिलीज को कई दिन हो चुके हैं। पिछले कुछ दिनों से फिल्म की रफ्तार धीमी पड़ती हुई नजर आ रही थी, लेकिन अब तीसरे रविवार को एक बार फिर 'रामायण' का जादू बॉक्स ऑफिस पर साफ दिखाई दिया। रिलीज के 18 दिन बाद भी दर्शकों के बीच इसका क्रेज बरकरार है और इसका अंदाजा वीकेंड पर फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों में पहुंची भीड़ से लगाया जा सकता है। तीसरे रविवार की कमाई ने एक बार फिर धमाका कर दिया है। इस फिल्म ने 18वें दिन यानी रविवार को भारत में कुल 35.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके साथ ही फिल्म का डोमेस्टिक कलेक्शन करीब 942.75 करोड़ रुपये पहुंच गया है। ऐसे में अब रणबीर कपूर की 'रामायण' 1000 करोड़ रुपये के आंकड़े से ज्यादा दूर नहीं है।

तीसरे रविवार 'रामायण' देखने के लिए लगी भीड़ 

आपको बता दें, 'रामायण' की कमाई में पिछले कुछ दिनों से लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी। शुक्रवार को इस फिल्म ने महज 15.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। शनिवार को कमाई बढ़कर करीब 27.40 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, रविवार को दर्शकों की संख्या में इजाफा दिखाई दिया और फिल्म ने 35.60 करोड़ रुपये जुटा लिए। वीकेंड के कारण फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पांस मिला है। तीसरे हफ्ते में 35.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन करना कोई छोटी-मोटी बात नहीं है।

इन 8 फिल्मों के टूटे रिकॉर्ड 

'रामायण' की तीसरे रविवार की कमाई ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। फिल्म ने इसी दिन के कलेक्शन के मामले में 8 सुपरहिट फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। 'धुरंधर 2', 'छावा', 'स्त्री 2', 'महावतार नरसिम्हा', 'गदर 2', 'जवान', 'दंगल' और 'एनिमल' जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड 'रामायण' ने पीछे छोड़ दिए हैं। ये फिल्म बस 'धुरंधर' का रिकॉर्ड ब्रेक नहीं कर पाई, जिसने अपने तीसरे संडे को 40.3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, दूसरी तरफ 18वें दिन के कलेक्शन में हिंदी वर्जन सबसे आगे रहा। हिंदी में इस दिन 26.25 करोड़ रुपये की कमाई हुई। मलयालम में 3.40 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 2.50 करोड़ रुपये, तमिल में 2.40 करोड़ रुपये और तेलुगु में 1.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ।

1000 करोड़ क्लब में शामिल होने का इंतजार

18 दिनों में 942.75 करोड़ रुपये की कमाई करने के बाद अब फिल्म की नजर 1000 करोड़ क्लब पर है। अब देखना होगा कि 'रामायण' घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा कब पार करती है। फिल्म को 1000 करोड़ तक पहुंचने के लिए महज 57 करोड़ रुपये और कमाने होंगे। कुछ ही दिन में ये मकान भी हासिल हो जाएगा। वहीं, 18 दिनों में 'रामायण' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 1,693.50 करोड़ रुपये हो चुका है। ऐसे में 1,700 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी काफी करीब है।