कई बार फिल्म देखते हुए दर्शकों को अंदाजा नहीं होता कि उसे शूट करना कितना मुश्किल और कभी-कभी कितना खतरनाक रहा होगा। कई बार कलाकारों को ऐसे हालातों का सामना करना पड़ता है, जिसकी कल्पना तक नहीं की जा सकती। बॉलीवुड और साउथ एक्ट्रेस काजल अग्रवाल ने अब अपनी जिंदगी से जुड़े एक ऐसे ही डरावने अनुभव को शेयर किया है। साल 2020 में उनकी फिल्म 'इंडियन 2' की शूटिंग के दौरान एक बेहद भयानक हादसा हुआ था। इस हादसे में उनके साथ कुछ ऐसा हुआ जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था। काजल अग्रवाल ने बताया कि एक क्रेन अचानक उनकी तरफ गिरने लगी थी। उस पल वो इतनी घबरा गई थीं कि कुछ सेकंड के लिए वो फ्रीज हो गई थीं।

सेट पर 3 लोगों की हुई थी मौत 

काजल अग्रवाल ने अपने इंटरव्यू में फरवरी 2020 के चेन्नई के ईवीपी फिल्मसिटी में 'इंडियन 2' की शूटिंग के दौरान हुए हादसे का जिक्र किया। जब वो घटना हुई तो उस समय सेट पर उनके साथ कमल हासन और कई कलाकार और क्रू मेंबर्स मौजूद थे। शूटिंग के दौरान अचानक एक भारी-भरकम क्रेन गिर गई और इस दुर्घटना में तीन क्रू मेंबर्स की मौत हो गई। कुछ लोग इस दौरान घायल भी हो गए थे। काजल ने बताया कि हादसे के वक्त वो एक फाइट सीक्वेंस के लिए करीब 80 साल की बुजुर्ग महिला के लुक में तैयार होकर मॉनिटर के पास बैठी हुई थीं। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अचानक सेट पर भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

काजल के पास गिरी थी क्रेन

काजल अग्रवाल ने बताया कि वो भी बाकी लोगों के साथ भागने लगी थीं, लेकिन फिर उनके मन में ख्याल आया कि पीछे क्या हुआ है। जब उन्होंने पलटकर देखा तो करीब 100 फीट ऊंची क्रेन उनकी तरफ गिर रही थी। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि काजल को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। वो ये सब देखकर पूरी तरह हैरान रह गई थीं। उस वक्त उन्हें ऐसा लग रहा था जैसे उनका शरीर काम करना बंद कर चुका हो। काजल ने कहा कि उन्हें लगा था कि शायद उस दिन सबसे पहले उनकी जान जा सकती थी। हालांकि, क्रेन उनके बेहद करीब गिरी और वो इस हादसे में सुरक्षित बच गईं।

अदृश्य शक्ति ने बचाई एक्ट्रेस की जान 

इस हादसे का असर काजल के मन पर इतना गहरा पड़ा कि इसके बाद कई दिनों तक वो उस घटना के बारे में सोचती रहीं। काजल को आज भी यही लगता है कि कोई अदृश्य शक्ति उस दिन उन्हें मौत के मुंह से खींचकर लाई थी। इस अनुभव के बाद एक्ट्रेस की भगवान कृष्ण के प्रति आस्था और भी मजबूत हो गई। उन्हें लगता है कि उस मुश्किल घड़ी में उन्हें किसी दैवीय शक्ति का सहारा मिला, जिसकी वजह से उनकी जान बच गई।