SP Congress Seat Sharing : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विपक्षी गठबंधन (INDIA ब्लॉक) के भीतर सीटों के बंटवारे पर खींचतान काफी तेज हो गई है। कांग्रेस के साथ समन्वय समिति की बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा-जीतने वाली पहली 26 सीटों से हुई है शुरुआत। मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात। दिल्ली में दोनों दलों की समन्वय समितियों की बातचीत के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने इस प्रस्ताव की पुष्टि की। वैसे, शुरुआत में 26 सीटों का प्रस्ताव देने और उसी बीच 5 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार देने से कांग्रेस खेमे में तीखी नाराजगी और असहजता साफ दिख रही है। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि यह संख्या उनकी उम्मीदों के मुकाबले बेहद कम है और गठबंधन की मर्यादा के अनुकूल भी नहीं है।

इन 26 सीटों का पूरा गणित क्या है?

दिल्ली की बैठक के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने स्पष्ट किया कि यह सूची विनेबिलिटी यानी जीतने की संभावना और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है। इस प्रस्ताव में तीन अलग-अलग श्रेणियों की सीटें रखी गई हैं:-

2 जीती हुई सीटें: रामपुर खास (प्रतापगढ़) और फरेंदा (महराजगंज), जहां साल 2022 में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।

4 उपविजेता सीटें: मथुरा, खेरागढ़ (आगरा), जगदीशपुर (अमेठी) और किदवई नगर (कानपुर), जहां बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी।

20 सपा के प्रभाव वाली सीटें: ऐसी 20 सीटें जहां 2022 में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस 2 हजार वोटों के आसपास सिमट गई थी। सपा का मानना है कि उसके मजबूत वोट बैंक के सहारे कांग्रेस इन सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। चर्चा है कि इस सूची में सहारनपुर, मेरठ, अलीगढ़, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत और गौतम बुद्ध नगर की कई सीटें शामिल हैं। हालांकि, पूरी सूची अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

अखिलेश यादव के पोस्ट के सियासी मायने

कांग्रेस ने पहले 181 सीटों और फिर उसे संशोधित कर 110 से 120 सीटों की मांग रखी थी। इसके जवाब में 26 सीटों का प्रस्ताव देकर सपा ने यह साफ कर दिया है कि सीट बंटवारे का आधार 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे नहीं, बल्कि 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े होंगे। इसके साथ ही सहारनपुर और बेहट समेत 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर अखिलेश यादव ने यह संकेत भी दिया है कि सपा अपनी जीती हुई सीटों पर किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। दूसरी तरफ इसे शुरुआत बताकर उन्होंने आगे बातचीत के रास्ते भी खुले रखे हैं।

सपा की पहली सूची पर कांग्रेस सांसद के सवाल

यूपी चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर दूसरे दौर की चर्चा के बाद सपा द्वारा 5 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, कोई गंभीरता नहीं है। एक तरफ सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है तो दूसरी तरफ पार्टी पहले ही उम्मीदवार घोषित कर रही है। उन्हें यह तय करना होगा कि वे कांग्रेस से लड़ रहे हैं या भाजपा से।

‘26 सीटों का ऑफर बेहद मामूली, चाहिए 80 से 100 सीटें’

दिल्ली में साढ़े तीन घंटे चली दूसरे दौर की बैठक में कांग्रेस नेताओं ने 26 सीटों के प्रस्ताव को बेहद मामूली बताते हुए खारिज कर दिया। कांग्रेस का तर्क है कि प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों के हिसाब से भी हर लोकसभा क्षेत्र में एक विधानसभा सीट जोड़ी जाए तो कम-से-कम 80 से 100 सीटें बनती हैं। कांग्रेस को इस बात पर भी खासी आपत्ति है कि सपा के प्रस्ताव में उसके पारंपरिक गढ़ रायबरेली की 6 विधानसभा सीटों में से एक भी सीट नहीं दी गई है। अमेठी की 4 सीटों में से केवल जगदीशपुर का नाम शामिल है। इसके जवाब में कांग्रेस ने सपा को 120 से 130 सीटों की संशोधित सूची सौंपते हुए सभी 403 सीटों के समीकरण पर चर्चा करने की मांग की है। सांसद तनुज पुनिया के मुताबिक सीटों की संख्या पर अंतिम फैसला अब राहुल गांधी और अखिलेश यादव के स्तर पर ही होगा।

2022 बनाम 2024 का वोट शेयर और आगे की चुनौती

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 6 सीटें जीतने और 9.46% वोट शेयर हासिल करने से कांग्रेस का आत्मविश्वास बढ़ा है। इसके विपरीत सपा 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 2.33% वोट शेयर का हवाला देकर उसे सीमित सीटों तक रखना चाहती है। सीटों का यह ‘नंबर गेम’ आने वाले समय में विपक्षी गठबंधन के लिए सबसे बड़ी परीक्षा साबित होने वाला है।