टीवी एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन अपने बदले हुए लुक को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। इन तस्वीरों में जैस्मिन भसीन का चेहरा सभी का ध्यान खींच रहा था। एक्ट्रेस के चेहरे में बदलाव साफ नजर आया और जैसे ही फैंस ने ये बात नोटिस की, तो सोशल मीडिया पर इस तरह के कयास लगने लगे कि जैस्मिन भसीन ने प्लास्टिक सर्जरी करवा ली है। इन अटकलों और टिप्पणियों से परेशान होकर अब एक्ट्रेस ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। जैस्मिन भसीन ने एक पोस्ट शेयर कर साफ कर दिया कि हर दिन एक जैसा दिखना जरूरी नहीं है।

जैस्मिन भसीन की तस्वीरें देख लोगों ने किए सवाल 

आपको बता दें, हाल ही में जैस्मिन भसीन कोलकाता में एक शादी अटेंड करती हुई नजर आई थीं। इसके बाद कुछ लोगों ने उनके बोटॉक्स और फिलर्स कराने की अटकलें लगाईं, तो कुछ ने प्लास्टिक सर्जरी को उनके बदले चेहरे की वजह बता दिया। अब एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इन अफवाहों पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि जब भी उनका चेहरा थोड़ा अलग नजर आता है, लोग तुरंत नई प्लास्टिक सर्जरी की कहानी बनाने लगते हैं। जैस्मिन ने बताया कि किसी इंसान के चेहरे पर कई चीजों का असर पड़ सकता है। काम के सिलसिले में लगातार सफर करना, पूरी नींद नहीं मिलना, थकान, साइनस में सूजन और अलग-अलग मेकअप आर्टिस्ट के साथ काम करना उनके लुक में बदलाव की वजह हो सकते हैं।

जैस्मिन ने बताया बदले लुक का कारण 

जैस्मिन ने ये भी बताया कि उन्होंने हाल ही में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग शुरू की है और उनका थोड़ा वजन भी बढ़ा है। जैस्मिन ने अपने पोस्ट में ये भी समझाया कि इंसान का चेहरा हर दिन एक जैसा दिखाई नहीं देता। कभी चेहरा ज्यादा शार्प नजर आता है, तो कभी सूजन या थकान की वजह से अलग दिख सकता है। मेकअप भी हर बार एक जैसा नहीं होता। उन्होंने मजाक में ये भी कह दिया कि प्लास्टिक सर्जरी करवाने के लिए भी तो टाइम चाहिए। उन्होंने कहा कि वो खून, मांस, मसल और हड्डियों से बनी हैं और उन्हें अलग दिन पर अलग दिखना अलाउड है।  

बॉडी पॉजिटिविटी पर दिया बयान 

एक्ट्रेस ने अपने इस पोस्ट में बॉडी पॉजिटिविटी दिखाते हुए कहा कि उन्हें अपना चेहरा और शरीर दोनों पसंद हैं। खुद को एक्सेप्ट करने और खुश रहने के लिए उन्हें हर दिन परफेक्ट दिखने की जरूरत नहीं है। जैस्मिन का कहना है कि किसी की तस्वीर देखकर उसके चेहरे या शरीर को लेकर फैसले सुनाना ठीक नहीं है। उन्होंने अपील की कि लोगों को आराम से जीने दिया जाए।