FSSAI Claim On Bisleri : देश के सबसे भरोसेमंद बोतलबंद पानी के ब्रांड में से एक बिसलेरी (Bisleri) की शुद्धता पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी मुकदमा दर्ज करने की अनुमति दे दी है। यह सख्त कदम कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक नमूने में तय मानकों से कहीं अधिक मात्रा में रासायनिक तत्व पाए जाने के बाद उठाया गया है। दूसरी तरफ बिसलेरी प्रबंधन ने इन लैब नतीजों पर असहमति जताई है। कंपनी का कहना है कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और इस संबंध में उन्हें अब तक नियामक संस्था की ओर से कोई आधिकारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है।

दो चरणों की जांच में कैसे फेल हुआ बिसलेरी का सैंपल?

इस पूरे विवाद के केंद्र में दो बेहद खतरनाक रासायनिक तत्व हैं-ब्रोमेट (Bromate) और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs)। पहला चरण में शुरुआती प्रयोगशाला परीक्षण के दौरान बिसलेरी के पानी का सैंपल ब्रोमेट के निर्धारित सुरक्षा मानक पर खरा नहीं उतर सका। दूसरा चरण में इस रिपोर्ट को चुनौती देते हुए कंपनी ने दोबारा जांच की अपील की। इसके बाद नमूने को रेफरल फूड लैब भेजा गया। हैरानी की बात यह रही कि दूसरी जांच में भी पानी को पीने के लिए असुरक्षित घोषित किया गया और इस बार उसमें PAHs की मौजूदगी दर्ज की गई।

भारत में पानी की शुद्धता परखने के दो प्रमुख तरीके

देश में पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए मुख्य रूप से दो तकनीकों का सहारा लिया जाता है:-

प्रयोगशाला परीक्षण (Lab Testing): यह सबसे सटीक तरीका है। इसमें पानी के नमूनों को प्रमाणित लैब में भेजकर आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों से परखा जाता है। इसी प्रक्रिया से पानी में घुले सूक्ष्म रसायनों और उनकी सटीक मात्रा का पता चलता है।

फील्ड टेस्टिंग किट (FTK): यह एक पोर्टेबल उपकरण है, जिसका उपयोग मौके पर ही पानी की प्राथमिक जांच के लिए किया जाता है। इसके जरिए पीएच स्तर, गंदलापन, कठोरता, फ्लोराइड, क्लोराइड, नाइट्रेट और आयरन की जांच संभव है। वैसे, यह सिर्फ शुरुआती संकेत देता है। ब्रोमेट और PAHs जैसे जटिल रसायनों को पकड़ने के लिए सामान्य FTK कारगर नहीं है, इसके लिए लैब टेस्ट ही एकमात्र विकल्प है।

ब्रोमेट (Bromate) कैसे बनता है और इसके क्या नुकसान हैं?

ब्रोमेट अकार्बनिक रासायनिक यौगिक है। बोतलबंद पानी बनाने वाली कई कंपनियां पानी को रोगाणुमुक्त करने के लिए ओजोन (Ozone) गैस का उपयोग करती हैं। ओजोन हानिकारक बैक्टीरिया को तो मार देती है, लेकिन कच्चे पानी के स्रोत में पहले से ब्रोमाइड मौजूद हो तो ओजोन के साथ रासायनिक क्रिया करके वह ब्रोमेट बना देता है। इसलिए ट्रीटमेंट के दौरान ओजोन की मात्रा पर कड़ा नियंत्रण रखना बेहद जरूरी होता है। इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने ब्रोमेट को मनुष्यों के लिए संभावित कैंसरकारी तत्वों की सूची में रखा है। पशुओं पर हुए शोध में इसका सीधा संबंध किडनी, थायरॉइड और अन्य शारीरिक ऊतकों में ट्यूमर बनने से देखा गया है। यह कोशिकाओं और DNA को भी क्षति पहुंचा सकता है। शरीर में इसकी अधिक मात्रा जाने पर उल्टी, जी मिचलाना, तेज पेट दर्द और किडनी खराब होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ मामलों में यह सुनने की क्षमता को भी नुकसान पहुंचा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने पेयजल में ब्रोमेट की अस्थायी सुरक्षित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर निर्धारित की है, जबकि FSSAI के नियम इससे भी अधिक सख्त हैं। WHO के अनुसार एक बार पानी में ब्रोमेट बन जाए तो उसे निकालना लगभग असंभव है, इसलिए इसे बनने से रोकना ही एकमात्र बचाव है।

PAHs क्या हैं और शरीर को कैसे प्रभावित करते हैं?

पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) किसी एक रसायन का नाम नहीं, बल्कि 100 से अधिक रसायनों का एक समूह है। कोयला, पेट्रोल, डीजल, लकड़ी या प्लास्टिक के पूरी तरह न जलने पर ये तत्व वातावरण में फैलते हैं। इसके अलावा गाड़ियों का धुआं, कारखानों का प्रदूषण और दूषित मिट्टी भी इसके बड़े स्रोत हैं। सभी PAHs एक समान घातक नहीं होते, लेकिन इनमें से कई सीधे तौर पर कैंसर को जन्म देते हैं। उदाहरण के लिए IARC ने बेंजो पाइरीन को इंसानों में कैंसर पैदा करने वाला तत्व माना है। शरीर में प्रवेश करने के बाद ये रसायन ऐसे यौगिकों में बदल जाते हैं जो DNA को नष्ट करने लगते हैं। WHO ने पीने के पानी में बेंजो पाइरीन की अधिकतम सीमा 0.7 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तय की है। वैसे, बिसलेरी के मामले में FSSAI ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि सैंपल में PAHs का कौन-सा विशेष प्रकार पाया गया और उसकी मात्रा कितनी थी।

आखिर बोतलबंद पानी में कैसे पहुंचते हैं ये जहरीले तत्व?

विशेषज्ञों के अनुसार जल स्रोत का पहले से प्रदूषित होना, आसपास के उद्योगों से निकलने वाला कचरा, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की खामियां या पैकेजिंग और स्टोरेज के दौरान बरती गई लापरवाही इन रसायनों के पानी में घुलने का कारण बन सकती है। जहां ब्रोमेट का सीधा संबंध ओजोन ट्रीटमेंट की प्रक्रिया से है। वहीं, PAHs की मौजूदगी पानी के स्रोत में प्रदूषण या पैकेजिंग मैटेरियल में गड़बड़ी की ओर इशारा करती है। बिसलेरी के मामले में यह रसायन किस स्तर पर पानी में मिले, इसका खुलासा होना बाकी है।

देश में पैकेज्ड वॉटर की गुणवत्ता का चौंकाने वाला सच

भारत में बोतलबंद पानी की शुद्धता को लेकर चिंता नई नहीं है। फरवरी 2025 में संसद के पटल पर रखे गए सरकारी आंकड़े एक भयावह तस्वीर पेश करते हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में देशभर से पैकेज्ड वॉटर के 1300 सैंपल एकत्र किए गए। उनमें से 333 सैंपल गुणवत्ता मानकों पर फेल हो गए। यानी 25.6% पानी मानकों के अनुरूप नहीं था। वित्त वर्ष 2022-23 में जांचे गए कुल 1776 सैंपल में से 650 सैंपल असफल रहे थे, जो कुल जांच का 36.6% था।

गुणवत्ता जांच को लेकर क्या हैं सरकार के नए नियम?

अक्टूबर 2024 में केंद्र सरकार ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वॉटर के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के अनिवार्य प्रमाणन की शर्त को समाप्त कर दिया था। मगर, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि कंपनियों को मनमानी की छूट मिल गई है। नवंबर 2024 में FSSAI ने पैकेज्ड और मिनरल वॉटर को हाई रिस्क फूड कैटेगरी में शामिल कर दिया था। इसके तहत अब कंपनियों को लाइसेंस मिलने से पहले सख्त निरीक्षण और नियमित अंतराल पर अनिवार्य जांच से गुजरना होता है। FSSAI ने पानी की गुणवत्ता परखने के लिए एक विशेष और सख्त जांच योजना तैयार की है, जिसका पालन करना 1 जनवरी 2026 से सभी कंपनियों के लिए कानूनी रूप से अनिवार्य कर दिया गया है।