उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खासकर युवाओं और महिलाओं ने नए मतदाता बनने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन किए हैं। चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान महज दो दिनों में 6.40 लाख से अधिक फॉर्म-6 जमा हुए। रविवार को तो आवेदनों का आंकड़ा एक नया रिकॉर्ड बना गया। इस दिन करीब चार लाख लोगों ने वोटर बनने के लिए आवेदन किया।
एक दिन में आए करीब 4 लाख आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, 21 और 22 नवंबर को प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान कुल 6,40,239 लोगों ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 जमा किया। इनमें 22 नवंबर को 3,99,218 आवेदन प्राप्त हुए, जो एक दिन में आए आवेदनों का अब तक का बड़ा आंकड़ा है। 21 नवंबर की तुलना में अगले दिन आवेदनों में 65.6 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। आंकड़ों पर नजर डालें तो 17 से 23 नवंबर के बीच प्रदेश में कुल 10,39,836 फॉर्म-6 जमा हुए। इसमें विशेष अभियान के दो दिनों की हिस्सेदारी 61.6 प्रतिशत रही। अभियान के दौरान रोजाना औसतन करीब 3.20 लाख आवेदन मिले, जबकि इससे पहले 17 से 20 नवंबर तक प्रतिदिन औसतन 53,805 आवेदन ही आ रहे थे। खास बात यह है कि 23 नवंबर को भी 1,84,379 लोगों ने आवेदन किया।
गाजियाबाद में सबसे ज्यादा दिखा वोटर बनने का उत्साह
नए मतदाताओं को जोड़ने के मामले में गाजियाबाद पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। यहां प्रति मतदान केंद्र औसतन 19.67 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। दूसरे नंबर पर लखीमपुर खीरी रहा, जहां यह औसत 15.24 दर्ज किया गया। बाराबंकी 11.18 के साथ तीसरे और संभल 10.19 के औसत के साथ चौथे स्थान पर रहा। आगरा भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल है। वहीं, कुछ जिलों में नए मतदाता बनने को लेकर अपेक्षाकृत कम दिलचस्पी दिखाई दी। बदायूं में प्रति मतदान केंद्र औसतन सिर्फ 2.40 आवेदन मिले। जौनपुर में यह आंकड़ा 2.52 और झांसी में 2.59 रहा। प्रदेश के कुल 47 जिले ऐसे हैं, जहां फॉर्म-6 मिलने का औसत राज्य के औसत 5.99 से कम रहा।
विधानसभा क्षेत्रों में भी गाजियाबाद का दबदबा
विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से देखें तो गाजियाबाद सीट सबसे आगे रही। यहां प्रति मतदान केंद्र औसतन 24.28 आवेदन प्राप्त हुए। लोनी 22.47 के साथ दूसरे और मुरादनगर 21.23 के औसत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। शीर्ष दस विधानसभा क्षेत्रों में पांच गाजियाबाद और चार लखीमपुर खीरी जिले के हैं। इसके उलट बलरामपुर की गैसड़ी विधानसभा सीट पर सबसे कम आवेदन आए। यहां प्रति मतदान केंद्र औसतन केवल 1.59 फॉर्म-6 जमा किए गए। चुनाव विभाग ने कम आवेदन वाले जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता बढ़ाने तथा पात्र लोगों को सूची से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
28 और 29 नवंबर को फिर लगेगा विशेष अभियान
चुनाव आयोग अब उन इलाकों पर ज्यादा ध्यान देने की तैयारी कर रहा है, जहां नए मतदाताओं के आवेदन अपेक्षा से कम मिले हैं। इसके लिए 28 और 29 नवंबर को प्रदेशभर में एक बार फिर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों दिनों में सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा कर सकेंगे। आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।