भारत और पाकिस्तान की दुश्मनी तो जगजाहिर है। भारत में पाकिस्तान कलाकारों पर बैन है और साथ ही पाकिस्तानी कंटेंट पर भी। ऐसे में  नेटफ्लिक्स की अपकमिंग पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर काफी विवाद हो रहा है। भारत में इस पाकिस्तानी सीरीज की रिलीज को लेकर बवाल मचा हुआ है। इस पाकिस्तान वेब सीरीज में फवाद खान और माहिरा खान जैसे कई मशहूर कलाकार दिखाई देने वाले हैं। अब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर इस सीरीज की भारतीय प्लेटफॉर्म पर बैन करने की मांग की है। 

AICWA ने PM मोदी को चिट्ठी में क्या लिखा?

AICWA ने अपने इस लेटर में सिर्फ इस शो ही नहीं, बल्कि भारत में पाकिस्तानी फिल्मों, गानों और बाकी मनोरंजन सामग्री पर स्थायी प्रतिबंध लगाने की अपील भी की है। उन्होंने अपने पत्र में भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों का जिक्र किया और याद दिलाया कि दोनों देशों के बीच तनाव के दौरान कुछ पाकिस्तानी कलाकारों ने भारत के खिलाफ बयान दिए थे। ऐसे में उनकी फिल्मों और सीरीज को भारतीय दर्शकों तक पहुंचाने पर संगठन ने कड़ी आपत्ति जताई है। एसोसिएशन ने अपने बयान में पाकिस्तान को आतंकवाद से जुड़ा देश बताते हुए कहा कि वहां बनने वाली फिल्मों, वेब सीरीज, गानों और पॉडकास्ट को भारतीय मनोरंजन प्लेटफॉर्म पर जगह नहीं मिलनी चाहिए। AICWA ने देश की प्राथमिकता को लेकर भी जोर दिया है।

AICWA ने रखी मांग

AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश की कि पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री की भारत में स्ट्रीमिंग रोकने के लिए सख्त और स्थायी कानून बनाया जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और दंड का भी प्रावधान हो। AICWA ने इसके अलावा नेटफ्लिक्स इंडिया समेत देश में काम कर रहे सभी OTT प्लेटफॉर्म्स से अपील की है कि वो किसी भी तरह के पाकिस्तानी कंटेंट को भारतीय दर्शकों तक न पहुंचाएं। 

पाकिस्तानी सीरीज कब होगी रिलीज?

AICWA ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का भी जिक्र किया है। इस एडवाइजरी में भारतीय डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और स्ट्रीमिंग सेवाओं को पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट के प्रसारण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। AICWA का कहना है कि नेटफ्लिक्स पर इस सीरीज का रिलीज होना सरकारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करना होगा। आपको बता दें, नेटफ्लिक्स की इस पाकिस्तानी सीरीज को 4 दिसंबर 2026 को रिलीज किया जा रहा है। इस सीरीज में फवाद खान और माहिरा खान के अलावा सनम सईद और अहद रजा मीर भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। इसमें हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, इकरा अजीज, माया अली, अहमद अली अकबर, बिलाल अशरफ, खुशाल खान, नादिया जमील, ओमैर राणा और समीना अहमद जैसे कलाकार भी शामिल हैं।