उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) संगठन को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में पार्टी ने अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा के छह जिलों और महानगर इकाइयों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की सहमति के बाद ये नियुक्तियां की गई हैं। नई सूची में मेरठ, अलीगढ़, ललितपुर, चित्रकूट, वाराणसी और सिद्धार्थनगर को शामिल किया गया है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत ने इन नियुक्तियों की घोषणा की। संगठन के पश्चिम, ब्रज, कानपुर, काशी और गोरखपुर क्षेत्रों में नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन छह जिलों में हुईं नियुक्तियां
भाजपा की नई सूची के मुताबिक, पश्चिम क्षेत्र के मेरठ महानगर में विश्वजीत सोनकर को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। ब्रज क्षेत्र के अलीगढ़ महानगर की जिम्मेदारी मनोज माहौर को दी गई है। कानपुर क्षेत्र में ललितपुर से राहुल श्रीवास और चित्रकूट से अजय वर्मा को अनुसूचित जाति मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, काशी क्षेत्र के वाराणसी महानगर में रिंकू भारतीय और गोरखपुर क्षेत्र के सिद्धार्थनगर में संजय गौतम को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्षेत्रवार नियुक्त पदाधिकारी
- पश्चिम – मेरठ महानगर: विश्वजीत सोनकर
- ब्रज – अलीगढ़ महानगर: मनोज माहौर
- कानपुर – ललितपुर: राहुल श्रीवास
- कानपुर – चित्रकूट: अजय वर्मा
- काशी – वाराणसी महानगर: रिंकू भारतीय
- गोरखपुर – सिद्धार्थनगर: संजय गौतम
पहले भी जारी हो चुकी है जिलाध्यक्षों की सूची
इससे पहले अक्टूबर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने प्रदेश की संगठनात्मक जिला इकाइयों में बड़े स्तर पर नियुक्तियां की थीं। उस समय प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत ने 98 जिलाध्यक्षों की सूची जारी की थी। इसमें पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्रों की इकाइयों को शामिल किया गया था। पार्टी की इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को जिला स्तर पर सक्रिय करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। नए पदाधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चे की गतिविधियों को बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने और संगठनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।