Akhilesh Yadav On Mulayam Singh Yadav Jayanti: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती आज यानी 22 नवंबर 2026 को मनाई गई। इस मौके पर लखनऊ स्थित सपा के दफ्तर में सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया। पार्टी कार्यालय में हुए इस आयोजन के माध्यम से कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें याद किया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जन्म जयंती पर पिता मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि उनके पास जो भी मदद की आस लेकर पहुंचा, उन्होंने उसकी सहायता की।
यह सरकार देने में कम और छीनने में ज्यादा विश्वास रखती: अखिलेश
अखिलेश यादव के अनुसार नेताजी ने सबको साथ लेकर चलने की राह दिखाई। सपा इसी सोच पर आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने ऐलान किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है तो यश भारती सम्मान की राशि बढ़ाकर 1 लाख रुपए कर दी जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि वह उन बच्चों का आभार जताते हैं, जो आज यह मान रहे कि उन्हें सपा शासनकाल में लैपटॉप मिला था। अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी सरकार के समय KGMU और राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट के चिकित्सकों को PGI जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया गया। मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा, यह सरकार देने में कम और छीनने में ज्यादा विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि PDA आंदोलन को मजबूत करने के लिए पार्टी उन लोगों को मनाएगी, जो नाराज हैं या किसी वजह से दूर हो गए हैं। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को अच्छी बातें रास नहीं आतीं और किसी के हाथ में विकास की रेखा होती है तो किसी के हाथ में विनाश की।
विपक्षी और सत्तापक्ष के नेताओं की श्रद्धांजलि
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें नमन किया और पूर्व रक्षा मंत्री, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पद्म विभूषण से सम्मानित नेता के रूप में याद किया। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पोस्ट लिखकर जयंती पर उन्हें नमन किया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सोशल मीडिया पर मुलायम सिंह यादव को याद किया। उन्होंने लिखा, पूर्व रक्षा मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री की जयंती रविवार को है। उनकी पीढ़ी ने मुलायम सिंह यादव को धरती पुत्र और नेताजी नाम से पहचाना है। यूपी की राजनीति में मुलायम सिंह यादव महज एक नेता नहीं, बल्कि पूरा राजनीतिक अध्याय हैं। हिंदी पट्टी के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाने वाले नेताजी ने समाजवादी आंदोलन को ताकत देने और सामाजिक न्याय की आवाज को ऊंचा करने में अहम भूमिका निभाई।
मुलायम सिंह का राजनीतिक सफर
मुलायम सिंह यादव ने 1992 में समाजवादी पार्टी की नींव रखी थी। वह समाजवादी विचारक एवं नेता राम मनोहर लोहिया की विचारधारा से प्रेरित थे। जमीनी स्तर पर लोगों से उनका गहरा जुड़ाव था। उन्होंने पिछड़े वर्गों, वंचितों, शोषितों एवं अल्पसंख्यक समुदायों के हक की आवाज उठाई। उनका जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। वह 3 बार मुख्यमंत्री रहे। पहली बार 1989 में और उसके बाद 1993 और 2003 में उन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली। वह रक्षा मंत्री भी रहे। मुलायम सिंह यादव ने सबसे पहले 1977 में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी, जब वह राम नरेश यादव के नेतृत्व वाली जनता पार्टी की सरकार में मंत्री बने थे। सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने में भी उनके योगदान को याद किया जाता है। 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।