'बिग बॉस' के इस सीजन में माही विज असली गेम खेलती हुई नजर आ रही हैं। पहले हफ्ते से ही माही रिश्तों को कन्वीनियंस के हिसाब से इस्तेमाल कर रही हैं। पहले वो यंग की बहन बनीं और उनकी कैप्टेंसी खत्म होने के बाद माही ने यंग से पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद माही की दोस्ती अमन गांधी, अर्शिफा खान और उदिति सिंह से हुई। माही ने अर्शिफा खान को अपनी बेटी की तरह माना, लेकिन इन तीनों के साथ भी माही ज्यादा दिन टिक नहीं पाईं। ऐसे में उन्होंने काजी तौकीर को शो में अपना भाई बना लिया। माही ने काजी के लिए सबके साथ लड़ाई की और अब वो उन्हें भी छोड़ने की तैयारी कर रही हैं।
माही विज ने काजी से छुड़ाया पल्लू?
पिछले कुछ दिनों से साफ नजर आ रहा है कि माही विज जानकर काजी से दूरी बना रही हैं। पहले काजी अगर एक बात 100 बार भी बोलते थे तो माही उसे बड़े इंटरेस्ट के साथ सुनती थीं और उस पर रिस्पांस भी देती थीं। हालांकि, अब जब काजी बात कर रहे होते हैं तो माही या तो ऐसे दिखाती हैं कि वो इंटरेस्टेड नहीं हैं या फिर कुछ बोलने की जगह फौरन वहां से निकल जाती हैं। इतना ही नहीं माही ने ये कहना भी शुरू कर दिया है कि काजी की बातें बोरिंग हैं और अब वो उनके साथ ज्यादा बैठना नहीं चाहतीं। गुल्लू और कनिका के सामने माही ने खुद ये बात कही है कि वो काजी की बातों से पक गई हैं और वो उनसे डिस्टेंस बना रही हैं।
काजी के साथ बदला माही का बर्ताव
हाल ही में काजी भी माही का बर्ताव दखकर हैरान रह गए थे। अचानक माही ने जिस तरह से फ्लीप मारा है वो तो काजी की भी समझ से बाहर है। पहले जिस काजी के गुणगान करते हुए माही नहीं थकती थीं, अब वो कोनों-कोनों में जाकर उन्हीं की बुराइयां कर रही हैं। माही विज का गेम देखते हुए ऐसा लग रहा है जैसे अब वो नए दोस्त की तलाश में हैं। उन्होंने एक तरफ कनिका और गुल्लू को दोस्त बनाने की कोशिश शुरू कर दी है, तो दूसरी तरफ वो फिर से यंग के साथ टाइम स्पेंड करने लगी है।
अब कनिका या यंग के ग्रुप में फिट होंगी माही?
माही की ये चाल दर्शकों के साथ-साथ कनिका और गुल्लू को भी दिखाई दे रही है। ऐसा लगता है कि जहां फायदा होता है माही उसी की उंगली पकड़ लेती हैं। अब काजी को पिछले हफ्ते वीकेंड का वार पर सलमान खान से डांट पड़ी है, तो वो उन्हें छोड़कर कनिका का सहारा लेने की कोशिश कर रही हैं। दरअसल, कनिका के गेम की सलमान ने हाल ही में तारीफ की थी और यंग को भी सरहाया गया था। ऐसे में माही ने इन दोनों के साथ दोस्ती करने के लिए फ्लिप मार ली है।