टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले ने पूरे बॉलीवुड की नींद उड़ा दी है। इस वक्त टाइगर के अलावा बाकी बॉलीवुड स्टार्स पर डर के साये में जी रहे हैं। जो टाइगर के साथ हुआ वो सलमान खान, अक्षय कुमार, आमिर खान, रोहित शेट्टी या अमिताभ बच्चन में से किसी के भी साथ हो सकता था। कहा जा रहा है कि आरोपियों ने इन सभी सेलेब्स के घर की भी रेकी की थी। हालांकि, सुरक्षा इंतजाम को देखते हुए हमलावर अपने मकसद को अंजाम नहीं दे सके। टाइगर की सुरक्षा कम थी और इसी वजह से वो निशाने पर आ गए। अब टाइगर के साथ हुए इस हादसे ने बाकी सेलेब्स को भी सतर्क रहने पर मजबूर कर दिया है।
सलमान खान को लेकर हुए ये सिक्योरिटी इंतजाम
सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। Y+ सिक्योरिटी के साथ ही सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर अत्याधुनिक हथियारों से लैस जवान तैनात कर दिए गए हैं। इनके पास MP5 SD6 सबमशीन गन है, जिसे वो सलमान की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल करेंगे। आपको बता दें, पिछली बार हुए हमले के बाद सलमान खान के घर पर पहले ही बुलेटप्रूफ कांच लगा दिए गए थे। अब इन कांच को अपग्रेड किया जाएगा।
अक्षय कुमार के घर को बनाया जा रहा बुलेटप्रूफ
दूसरी तरफ अक्षय कुमार की सिक्योरिटी को लेकर भी अब पुलिस अलर्ट मोड़ पर है। साथ ही खिलाड़ी अक्षय कुमार खुद भी कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद अब अक्षय कुमार के जुहू वाले घर के बाहर भी बुलेटप्रूफ कांच लगवाए जा रहे हैं। यानी सलमान खान के बाद अब अक्षय कुमार का घर भी बुलेटप्रूफ हो जाएगा। घर की खिड़कियों और बालकनी में बुलेटप्रूफ ग्लास शील्ड तैयार की जा रही है। साथ ही अक्षय के घर के बाहर भी सिक्योरिटी बढ़ाई गई है।
आमिर और रोहित के घर के बाहर पुलिस का पहरा
आमिर खान और रोहित शेट्टी को लेकर भी पुलिस ने सिउराकशा के इंतजाम कर दिए हैं। इन दोनों के घर के बाहर भी पुलिस का पहरा बना हुआ है। वैसे भी रोहित शेट्टी को भी जानलेवा धमकी मिल चुकी है। साथ ही उनके घर के बाहर गोलियां तक चल चुकी हैं। बिश्नोई गैंग ने बाद में इस हमले की जिम्मेदारी भी ली थी। ऐसे में इन सेलेब्स की सुरक्षा में कोई ढील छोड़ी नहीं जा सकती।