शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने विस्फोटक पारी खेलते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को एकतरफा और धमाकेदार जीत दिला दी। दोनों की साझेदारी ने महिला टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान साझेदारी के नए रिकॉर्ड बनाए। भारत ने यह मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम करते हुए तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

शेफाली-मंधाना की जोड़ी ने बनाया खास रिकॉर्ड

शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए एक नया इतिहास रच दिया। दोनों की आक्रामक शुरुआत के दम पर भारतीय टीम ने मुकाबले पर पूरी तरह अपना दबदबा बनाए रखा। दोनों ने साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी साझेदारियों के कुल रन 1,000 के पार पहुंचा दिए। इस उपलब्धि के साथ वे एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 या उससे अधिक रन की साझेदारी करने वाली पहली जोड़ी बन गईं। दोनों बल्लेबाजों ने इसी मुकाबले में एक और अहम उपलब्धि हासिल की। शेफाली और स्मृति ने 2026 में नौवीं बार 50 या उससे अधिक रन की साझेदारी की। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा 50 से अधिक (50+) रनों की साझेदारियां करने का नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।

शेफाली ने खेली तूफानी पारी

रायपुर में खेले गए मुकाबले में शेफाली वर्मा ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। उन्होंने केवल 25 गेंदों में 55 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। शेफाली की तेज बल्लेबाजी ने भारत के लिए लक्ष्य का पीछा बेहद आसान बना दिया। दूसरी ओर, कप्तान स्मृति मंधाना ने भी बेहतरीन साथ दिया। वह 25 गेंदों पर 47 रन बनाकर नाबाद लौटीं। उनकी पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। मंधाना ने छक्का लगाकर भारतीय टीम को जीत दिलाई।

शेफाली और स्मृति के बीच 96 रन की साझेदारी 

इससे पहले जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाए थे। जिम्बाब्वे के लिए चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने सर्वाधिक 34 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान जोसेफिन नकोमो ने 27 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से गेंदबाजी में निकी प्रसाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो विकेट झटके। 103 रनों के लक्ष्य के जवाब में उतरी भारतीय टीम ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए महज 8.5 ओवरों में एक विकेट खोकर 104 रन बनाए और एकतरफा जीत दर्ज की। शेफाली और स्मृति के बीच पहले विकेट के लिए 96 रन की तेज साझेदारी हुई। भारत ने नौ विकेट से मुकाबला जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। यह जीत भारतीय महिला टीम के लिए इसलिए भी खास रही, क्योंकि टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज अपने नाम की। शेफाली और स्मृति की शानदार फॉर्म ने टीम की बल्लेबाजी को नई मजबूती दी है।