भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीमों का ऐलान कर दिया है। पांच मैचों की वनडे सीरीज में कप्तानी की जिम्मेदारी दो अलग-अलग खिलाड़ियों के बीच बांटी गई है। शुरुआती तीन मुकाबलों में शुभमन गिल टीम की कमान संभालेंगे, जबकि अंतिम दो मैचों में श्रेयस अय्यर कप्तान होंगे। शुभमन गिल शुरुआती तीन मुकाबलों में टीम की अगुवाई करेंगे, जबकि अंतिम दो वनडे में श्रेयस अय्यर कप्तान होंगे। टेस्ट सीरीज में भी गिल ही टीम की कमान संभालेंगे।
वनडे सीरीज के लिए दो अलग टीमों का चयन
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 4 नवंबर से होगा। शुरुआती तीन मैचों के लिए शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि श्रेयस अय्यर उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। इस टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए श्रेयस अय्यर कप्तान होंगे और ईशान किशन को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। इस चरण की टीम में तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को भी जगह मिली है।
पहले तीन वनडे के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव।
नोट: प्रसिद्ध कृष्णा का चयन फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर है।
आखिरी दो वनडे के लिए टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर और उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।
टेस्ट टीम की कमान शुभमन के हाथ
न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल कप्तान होंगे, जबकि केएल राहुल उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टेस्ट टीम में यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को शामिल किया गया है। टेस्ट टीम में आकाश दीप, अंशुल कंबोज, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर को भी मौका मिला है। ऋषभ पंत का चयन उनके फिटनेस क्लीयरेंस (एनसीए की मंजूरी) पर निर्भर करेगा।
कब और कहां होंगे मुकाबले?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच वनडे मैच 4 से 15 नवंबर तक खेले जाएंगे। पहला वनडे ऑकलैंड में 4 नवंबर को, दूसरा वेलिंगटन में 7 नवंबर और तीसरा हैमिल्टन में 10 नवंबर को होगा। चौथा और पांचवां मुकाबला 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेला जाएगा। इसके बाद टेस्ट सीरीज का पहला मैच 19 नवंबर से वेलिंगटन में और दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में शुरू होगा।