Bihar MLC Election 2026 : बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर आज वोटिंग चल रही। इसमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक सीटें हैं। इन सीटों के मैदान में 150 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे। शाम 4 बजे तक 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चुनाव में पटना स्नातक सीट का मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में है, जहां बाहुबली अनंत सिंह और जेडीयू के सीनियर नेता नीरज कुमार आमने-सामने हैं। अनंत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बड़े देसी अंदाज में कहा कि यह कोई रसगुल्ले वाला चुनाव नहीं है, हमारी जीत बिल्कुल पक्की है। जनता ही असली मालिक है। दूसरी तरफ नीरज कुमार पटना से सीधे मोकामा के लिए रवाना हुए। घर से निकलते वक्त उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाकर अपना हौसला दिखाया। चुनाव के बीच सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के उम्मीदवार आफाक अहमद के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला सामने आया है, जिस पर उनके ऊपर एफआईआर दर्ज की गई है।

तनाव बाद 5 लोग हिरासत में लिए गए

मोकामा में वोटिंग के दौरान माहौल उस वक्त गरमा गया, जब अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिससे वहां तनाव फैल गया। स्थिति को बिगड़ता देख एसडीपीओ रामकृष्ण तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को कंट्रोल किया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कुल 5 लोगों को हिरासत में ले लिया है। पटना में जेडीयू से निकाले जा चुके और अनंत सिंह के खास समर्थक छोटू सिंह को भी पुलिस ने डिटेन कर लिया है।

कोसी उम्मीदवार ने भागलपुर में डाला मत

कोसी स्नातक सीट से बीजेपी उम्मीदवार एनके यादव की पत्नी और पूर्व मेयर वीणा यादव ने भागलपुर में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने दावा किया कि उनके पति की जीत निश्चित है। उधर, पटना शिक्षक निर्वाचन सीट से आरजेडी कैंडिडेट संजीव सिंह की पत्नी डॉ. अरचिता प्रकाश ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस उन्हें और उनके परिवार को परेशान करना चाहती थी, लेकिन इसके बावजूद संजीव सिंह ही भारी मतों से जीतेंगे।

नीरज कुमार ने मोकामा में डाला अपना वोट

नालंदा में एमएलसी और सत्ताधारी दल की मुख्य सचेतक रीना यादव ने अपना वोट डाला। उन्होंने विश्वास जताया कि जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार रिकॉर्ड तोड़ वोटों से जीतकर चौथी बार विधान परिषद पहुंचेंगे। खुद जेडीयू कैंडिडेट नीरज कुमार ने मोकामा पहुंचकर अपना वोट डाला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह मैदान में अड़ने वाले शख्स हैं, झुकने या गिरने वाले नहीं हैं।

पार्टी कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार

राज्य के दूसरे हिस्सों में भी मतदान शांतिपूर्ण और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जारी है। दरभंगा स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए भी वोटिंग चल रही है, जहां बेगूसराय समेत सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने दरभंगा स्नातक से एनडीए उम्मीदवार सर्वेश कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार डॉ. घनश्याम राय की जीत का पूरा दावा किया है। कोसी स्नातक सीट के भागलपुर बूथों पर भी सुरक्षा के कड़े पहरे के बीच वोट डाले जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जेडीयू दफ्तर पहुंचे। पार्टी ऑफिस में वह 10 मिनट रुके। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। पार्टी दफ्तर में कुछ देर रुकने के बाद वह सीधे अपने सरकारी आवास के लिए रवाना हो गए।