PM Kisan Next Installment Date: अक्टूबर का आधा महीना बीत चुका है, लेकिन प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का फायदा ले रहे करोड़ों किसानों के खाते में 24वीं किस्त के 2000 रुपए अब तक नहीं पहुंचे हैं। जैसे-जैसे दिन निकल रहे, वैसे-वैसे किसानों की धड़कनें और चिंता दोनों बढ़ती जा रही। हर किसान के मन में इस समय बस एक सवाल घूम रहा कि आखिर उनके हक का पैसा बैंक खाते में कब जमा होगा।
क्या 25 अक्टूबर को आ सकती है 24वीं किस्त?
चर्चा है कि 25 अक्टूबर को पीएम किसान योजना का पैसा जारी हो सकता है। इस अटकल के पीछे एक खास वजह भी है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर बड़े कार्यक्रम या सार्वजनिक मंच से ही एक बटन दबाकर किसानों के खाते में डीबीटी (DBT) के जरिए राशि भेजते हैं। संयोग से 25 अक्टूबर को पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहने वाले हैं। वहां वे नमो घाट पर वायु सेना के विंग्स ओवर गंगा एयर शो का नजारा देखेंगे। उसमें राफेल, सुखोई, तेजस और सूर्य किरण टीम हैरतअंगेज करतब दिखाएगी। साथ ही वे वहां जनसभा को संबोधित करेंगे। उसी दिन प्रधानमंत्री ओडिशा के खुर्दा जाएंगे, जहां वे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर और प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इन्हीं व्यस्त दौरों को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा कि प्रधानमंत्री इसी दिन किसानों को बड़ा तोहफा दे सकते हैं। वैसे, केंद्र सरकार या कृषि मंत्रालय की ओर से 25 अक्टूबर की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए यह केवल एक अनुमान है।
पिछली किस्त कब और कहां से हुई थी जारी?
पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त 20 जून को ट्रांसफर की गई थी। उस समय पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले (तारकेश्वर) में आयोजित एक कार्यक्रम से देश भर के किसानों को यह पैसा भेजा था। जून में किस्त मिलने के बाद से ही किसान अगली यानी 24वीं किस्त की राह देख रहे हैं। वैसे, हर बड़े दौरे पर किस्त जारी हो, ऐसा जरूरी नहीं है। आधिकारिक तारीख क्या होगी, इसका सही पता सरकार के आधिकारिक ऐलान के बाद ही चलेगा।
साल में मिलते हैं 6000 रुपए
गौरतलब है कि केंद्र सरकार इस महत्वाकांक्षी योजना के जरिए देश के पात्र किसानों को हर साल कुल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। यह राशि 2000-2000 रुपए की तीन बराबर किस्तों में हर 4 महीने पर सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। आप चाहते हैं कि आपकी 24वीं किस्त बिना रुकावट के सीधे आपके खाते में आए तो तुरंत अपनी ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी कर लें। जिन किसानों की ई-केवाईसी अधूरी होगी, उनकी किस्त का पैसा अटक सकता है।