Rahul Gandhi Today Statement : राहुल गांधी ने आज गोवा दौरे पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आक्रामक तेवर में जुबानी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि वे हर राज्य में कहते हैं कि प्रधानमंत्री वोट चुराते हैं, इसके बावजूद उनके ऊपर कानूनी मामला या केस दर्ज नहीं किया जाता। राहुल के मुताबिक भाजपा और सरकार अच्छी तरह जानती है कि उन्होंने ऐसा कोई कदम उठाया तो यह मामला सीधे कानूनी दायरे में आ जाएगा और वे बुरी तरह फंस जाएंगे। दिल्ली की राजनीति को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में वे बहुत जल्द प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से पूरी तरह निपट लेंगे, क्योंकि इस दिशा में काम तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि अब इस सरकार की एक्सपायरी डेट बहुत नजदीक आ चुकी है। आज के समय में स्थिति यह हो गई है कि प्रधानमंत्री देश के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं जुटा पाते, क्योंकि वे भली-भांति यह बात समझ चुके हैं कि अब देश का युवा पूरी तरह उनके खिलाफ खड़ा हो चुका है। बता दें, राहुल गांधी कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान गोय राखोन यात्रा के समापन समारोह में हिस्सा लेने के लिए गोवा पहुंचे थे। पिछले चार साल में राहुल का यह पहला गोवा दौरा था, क्योंकि इससे पहले वह आखिरी बार साल 2022 में यहां आए थे। गोवा में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके मद्देनजर इस दौरे को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा।

राहुल गांधी के भाषण की 4 महत्वपूर्ण बातें

हर एजुकेशन सिस्टम में RSS के लोग : राहुल ने आरोप लगाया कि पूरी दुनिया यह मानती थी कि भारत का शिक्षा सिस्टम दुनिया का नंबर वन मॉडल था। लेकिन आज दिल्ली के अंदर छात्रों को मारा-पीटा जा रहा। देश के हर शैक्षणिक संस्थान में इन्होंने अपने बीजेपी और आरएसएस के लोगों को जबरन बैठा रखा है।

कांग्रेस खत्म करेगी करप्शन का मॉडल : राहुल ने कहा, ये लोग हाईटेक करप्शन और जमीनों का घोटाला करते हैं। जैसे पहले गुजरात में नरेंद्र मोदी का मॉडल चलता था, बिल्कुल वैसा ही करप्शन का मॉडल आज गोवा में चल रहा है। इस भ्रष्ट मॉडल को सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही जड़ से खत्म कर सकती है।

देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी गोवा में : गोवा की स्थिति पर उन्होंने कहा कि यहां बेरोजगारी सबसे चरम पर है। सरकार ने पहले मास्टर प्लान बनाया और फिर उसे अपनी सुविधा के अनुसार रद्द कर दिया। इनका सिर्फ एक मकसद है कि जनता के पैसों से अपनी तिजोरी कैसे भरी जाए।

गोवा में सरकार छीन रही है जमीन : नेता विपक्ष ने कहा कि गोवा देश की सबसे सुंदर जगहों में से एक है। यहां का कल्चर बहुत शानदार है। मगर, यहां की सरकार आपकी जमीनों को छीनकर बाहर के उद्योगपतियों और रईस लोगों को करोड़ों रुपये में बेच रही। इनका मुख्य काम जनता को लूटना और दोस्तों को फायदा पहुंचाना है।

राहुल गांधी के गोवा दौरे के 3 बड़े मायने

यात्रा ने कवर की सभी सीटें : राहुल जिस गोय राखोन यात्रा के समापन में शामिल हुए, वह 22 सितंबर को शुरू हुई थी। यात्रा सभी 40 विधानसभा सीटों तक पहुंची। इस यात्रा के दौरान कांग्रेस ने जमीन के अधिकार, स्थानीय पहचान, पर्यावरण संरक्षण, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दे जोर-शोर से उठाए।

फरवरी-मार्च 2027 में संभावित चुनाव : गोवा की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 14 मार्च 2027 को समाप्त होने जा रहा है। हालांकि चुनाव आयोग ने अब तक आधिकारिक तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा कि राज्य में अगले विधानसभा चुनाव फरवरी या मार्च 2027 की शुरुआत में हो सकते हैं।

15 साल से सत्ता से बाहर कांग्रेस की वापसी की उम्मीद : राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो गोवा में कांग्रेस साल 2012 से सत्ता से बाहर चल रही यानी पार्टी को सत्ता छोड़े हुए 15 साल हो चुके हैं। 2012 में कांग्रेस सरकार को बीजेपी-एमजीपी गठबंधन ने हराया था। इसके बाद 2017 के चुनाव में कांग्रेस 17 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, लेकिन बीजेपी ने जोड़-तोड़ करके और गठबंधन बनाकर सरकार बना ली। 2022 के चुनावों में बीजेपी ने 20 सीटें हासिल कीं और बाद में कांग्रेस के 8 विधायक भी पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हो गए थे। अब कांग्रेस फिर अपनी खोई जमीन वापस पाने की पुरजोर कोशिश में जुटी है।