रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' का लम्बे समय से इंतजार हो रहा है। अब नितेश तिवारी की 'रामायण' की रिलीज में महज कुछ ही दिन बाकी हैं। ये फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसपर मेकर्स ने दिल खोलकर पैसा बहाया है। रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश और सनी देओल जैसे बड़े स्टार्स इस फिल्म में नजर आने वाले हैं। ऐसे में फैंस 'रामायण' को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। इसी बीच अब फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर एक खास जानकारी सामने आई है। सबसे पहले तो ये जान लेते हैं कि रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उतारी जाएगी।
किसके साथ हुई 'रामायण' की ओटीटी डील?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेगा बजट में बनी फिल्म 'रामायण' की ओटीटी डील हो चुकी है। थिएटर्स के बाद इस फिल्म को जियो हॉटस्टर पर रिलीज कर दिया जाएगा। ये फिल्म ओटीटी पर कब आएगी, अभी तक कोई ऑफिशियल डेट सामने नहीं आई है। हालांकि, टीम ये खबर कन्फर्म कर चुकी है कि फिल्म 'रामायण' के निर्माता नमित मल्होत्रा के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' और जियो हॉटस्टार के बीच एग्रीमेंट हुआ है।
अलग से खरीदना होगा एक्सेस
अब ये भी बता दें कि 'रामायण' को ओटीटी पर देखने के लिए आपको ज्यादा पैसे खर्चने होंगे। अक्सर जब कोई फिल्म ओटीटी पर आती है तो बस सब्सक्रिप्शन के साथ आप उस फिल्म का लुत्फ उठा पाते हैं। हालांकि, 'रामायण' को ओटीटी पर देखने के लिए सिर्फ सब्सक्रिप्शन काफी नहीं होगा। दरअसल, इस फिल्म को 'पे-पर-व्यू' के हिसाब से रिलीज किया जाएगा। यानी अगर आपके पास जियो हॉटस्टार का आम सब्सक्रिप्शन मौजूद है, तब भी आपको फिल्म देखने के लिए और पैसे खर्च करने होंगे। दर्शकों को इस 4000 करोड़ के बजट में बनी फिल्म का एक्सेस अलग से खरीदना होगा।
रेगुलर सब्सक्रिप्शन में नहीं मिलेगी 'रामायण'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियो हॉटस्टार पर ऑडियंस को ये फिल्म देखने का ऑप्शन खास 'ऑन डिमांड' फीचर में मिलेगा। रेगुलर सब्सक्रिप्शन में ये फिल्म नहीं मिलेगी। अब इस तरह से मेकर्स फिल्म से ज्यादा कमाई कर पाएंगे। आपको बता दें, 05 नवंबर 2026 को 'रामायण' सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ये एक पैन इंडिया फिल्म है, जिसे दुनियाभर में रिलीज किया जा रहा है।