2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल एक अक्टूबर से जारी किया जाएगा। ICC यह ऐलान दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन शहर में करेगा। टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगी। इस वनडे वर्ल्ड कप में 14 टीमें 57 मैचों में हिस्सा लेंगी और ये मैच 12 वेन्यू पर खेले जाएंगे। यह टूर्नामेंट 2 अक्टूबर 2027 से 21 नवंबर तक खेले जाने की संभावना है। इस मुकाबले को 2027 में गांधी जयंती से शुरू करने की योजना है।

14 टीमों के बीच होगा वर्ल्ड कप का मुकाबला

इस वनडे वर्ल्ड कप में 14 टीमें भाग लेंगी। इनमें दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण सीधे स्थान मिला है। बाकी 8 टीमों का चयन 30 सितंबर 2026 की वनडे रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा। बाकी 4 स्थान क्वालिफायर के जरिए तय होंगे। भारत अभी ICC वनडे रैंकिंग में नंबर-1 पर है। उसके बाद न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश टॉप-10 में हैं। मौजूदा हालात में भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश सीधे क्वालिफिकेशन की स्थिति में हैं। वहीं, वेस्टइंडीज अभी 10वें स्थान पर है, जहां से वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने के लिए उसे क्वालिफायर के रास्ते वर्ल्ड कप में जगह बनानी होगी।

मेजबान होते हुए भी नामीबिया की जगह पक्की नहीं

नामीबिया का इस वर्ल्ड कप में अलग मामला है। बाकी मेजबान टीमों की तरह दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण सीधे एंट्री मिली है, जबकि नामीबिया को क्वालिफिकेशन के प्रोसेस से गुजरना पड़ेगा। यह पहली बार है कि किसी मेजबान देश की टीम को अपने ही देश में होने वाले सीनियर पुरुष वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा।

10 टीमों के बीच होगा क्वालिफायर

इस क्वालिफायर में कुल 10 टीमें होंगी। इनमें वेस्टइंडीज, आयरलैंड, क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 की टॉप-4 टीमें और क्वालिफायर प्लेऑफ की टॉप-4 टीमें शामिल होंगी।