SP Congress Alliance News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। चुनाव की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर गहरा मंथन चल रहा। दोनों दलों के बीच यह अहम बैठक सोमवार से शुरू होने जा रही, जो 3 दिन चलेगी। इस बातचीत के दौरान सपा और कांग्रेस दोनों पक्ष सीटों को लेकर अपने-अपने दावे सामने रखेंगे। जानकारी के मुताबिक सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की यह बैठक कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के घर पर आयोजित की गई है। राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि बातचीत के पहले दिन दोनों पार्टियां सिर्फ अपने-अपने दावे पेश करेंगी। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रक्रिया में सीटों के समीकरण और जमीनी हकीकत पर विस्तार से बात होने की उम्मीद है।

'विनेबिलिटी' पर सबसे ज्यादा जोर

सीटों का बंटवारा करते वक्त जिस सबसे बड़े पैमाने का ध्यान रखा जाएगा, वह विनेबिलिटी यानी जीतने की क्षमता है। समाजवादी पार्टी ने सीट शेयरिंग पर ठोस फैसला लेने के लिए सांसद रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में एक खास कमेटी गठित की है। इस कमेटी में आलोक रंजन, धर्मेंद्र यादव और राजीव को शामिल किया गया है। आंकड़ों के विश्लेषण के लिए कमेटी में दो डाटा एक्सपर्ट्स को भी जगह दी गई है।

उम्मीदवार के चेहरे पर फोकस

सीट शेयरिंग को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का रुख स्पष्ट है कि उम्मीदवार का चयन विनेबिलिटी के आधार पर ही होगा। सपा और कांग्रेस की इस बैठक में सीटों की गिनती से ज्यादा उम्मीदवारों के नाम और चेहरों पर ध्यान दिया जाएगा। खासकर यह देखा जाएगा कि किस विधानसभा क्षेत्र में कौन सा उम्मीदवार जीताऊ है और कौन पार्टी को वहां जीत दिला सकता है। इससे पहले आजम खान कह चुके हैं कि कांग्रेस की डिमांड ज्यादा है। हालांकि, उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को समाजवादी पार्टी नुकसान सहकर भी ज्यादा सीटें दे सकती है। मौजूदा समय में सीट शेयरिंग के मुद्दे पर दोनों दल बेहद संभलकर बयान दे रहे हैं। सपा और कांग्रेस का ही मानना है कि यह सीट शेयरिंग सम्मानजनक होगी।

अखिलेश यादव बोले- सीटों का नहीं, जीत का है आधार 

शनिवार को जब अखिलेश यादव से कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल बातचीत जारी है। अखिलेश ने साफ किया कि सीटों के बंटवारे का आधार सिर्फ जीत होगी। हालांकि, उन्होंने सीटों की संख्या या किसी तय फॉर्मूले को लेकर कोई खुलासा नहीं किया। यूपी चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच चल रही बातचीत के नजरिए से अखिलेश यादव के इस बयान को काफी अहम माना जा रहा है। फिलहाल दोनों पार्टियों के बीच सीटों को लेकर चर्चा लगातार जारी है। 

403 सीटों की बिसात और 2024 का असर  

उत्तर प्रदेश विधानसभा की कुल 403 सीटों में बहुमत का आंकड़ा 202 है। चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में प्रस्तावित हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी के बदले नतीजों और इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस खेमे में आत्मविश्वास बढ़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस नेता जहां 2024 के प्रदर्शन के आधार पर 175 से 200 से ज्यादा सीटों पर नजर टिकाए हुए हैं, वहीं सपा खेमे में 60 से 70 सीटों के आसपास के फॉर्मूले की चर्चाएं भी सुर्खियों में रही हैं। ऐसे में सोमवार से शुरू होने वाली तीन दिवसीय बैठक यह तय करेगी कि दोनों दल किस फॉर्मूले पर सहमत होते हैं और 2017 के मुकाबले 2027 में उनकी रणनीति कितनी कारगर रहती है।