राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक 22 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के साथ काम करने वाले दो पुरुष सहकर्मियों ने वारदात को अंजाम दिया, जबकि वहां मौजूद अन्य लोगों ने उनका साथ दिया। शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में बताए गए आरोपी महिला के सहकर्मी हैं। घटना सोमवार देर रात की है, जब युवती अपने साथियों के साथ प्रीत विहार स्थित एक कैफे में पार्टी करने पहुंची थी।

कैफे बंद होने के बाद भी देर रात तक चली पार्टी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती समेत कुल आठ लोग प्रीत विहार के सल्तनत कैफे पहुंचे थे। कैफे आमतौर पर रात 11:30 बजे बंद हो जाता है, लेकिन समूह में शामिल एक व्यक्ति के पास उसकी चाबी थी। इसी वजह से कैफे बंद होने के बाद भी उसे दोबारा खोलकर पार्टी जारी रखी गई। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान सभी ने शराब पी और देर रात तक नाच-गाना चलता रहा। इसके बाद मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे सभी कैफे से बाहर निकले। युवती ने आरोप लगाया कि इसके बाद दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि बाकी लोगों ने कथित अपराध में उनकी मदद की।

पूर्वी दिल्ली के कैफे में महिला सहकर्मी से गैंगरेप, 2 महिलाओं समेत 3  गिरफ्तार; जांच जारी

दो महिलाओं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

युवती की शिकायत पर पुलिस ने चार पुरुषों और दो महिलाओं समेत कुल छह लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।बाकी तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और प्रत्येक व्यक्ति की क्या भूमिका रही।

पीड़िता का बयान दर्ज कर रही पुलिस

पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़िता का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज कराया जाएगा। जांच के दौरान कैफे में मौजूद लोगों, घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में सामने आए इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और फरार लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पूरी होने और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।