Cyclone Akwan Latest Update : बंगाल की खाड़ी से उठ रहा चक्रवाती तूफान 'अकवान' (Cyclone Akvan) अपनी तय रफ्तार से भी तेज आगे बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पहले इसके शुक्रवार तक जमीन से टकराने की उम्मीद थी, लेकिन अब यह गुरुवार दोपहर तक ही आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच के तटीय हिस्से को पार कर सकता है। इस भयंकर तूफान के गुजरने के दौरान हवाओं की गति 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू
इस समुद्री हलचल के चलते ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में अभी से मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो चुका है। हालात की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने 13 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि सुरक्षा के लिहाज से 6 जिलों में 19 से 21 नवंबर तक सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। तटीय क्षेत्रों से अब तक करीब 50 हजार नागरिकों को निकालकर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया जा चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आगाह किया है कि इस चक्रवात की जद में उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु समेत देश के कुल 10 राज्य आ सकते हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भारतीय नौसेना और आपदा राहत दल पूरी तरह मुस्तैद हैं, वहीं भारतीय रेलवे ने भी एहतियात के तौर पर गुरुवार को चलने वाली तीन ट्रेनों के समय में बदलाव किया है।
किन 10 राज्यों पर दिखेगा 'अकवान' का असर?
आंध्र प्रदेश (सबसे ज्यादा खतरा): इस चक्रवात की सबसे तीखी मार आंध्र प्रदेश को झेलनी पड़ सकती है। 19 और 20 नवंबर को तटीय इलाकों में अत्यंत भारी बारिश के आसार हैं। अनुमान है कि आज यह तूफान नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट को पार करेगा, तब हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा और हवा के झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकते हैं। तटीय इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर एनडीआरएफ (NDRF) की 13 और एसडीआरएफ (SDRF) की 11 टुकड़ियां तैनात की गई हैं। मछुआरों को समंदर से दूर रहने और किसानों को फसलें बचाने की हिदायत दी गई है।
ओडिशा (ऊंची लहरों और भूस्खलन का डर): 21 नवंबर तक पूरे राज्य में जोरदार बारिश की उम्मीद है। इसका मुख्य केंद्र गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरी जिले रहेंगे। निचले इलाकों में पानी भरने एवं पहाड़ी क्षेत्रों में जमीन खिसकने का खतरा है। राज्य सरकार ने 8 जिलों के 2.04 लाख से अधिक निवासियों को चिन्हित किया है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत शिविरों में शिफ्ट किया जाएगा। जलस्तर नियंत्रित करने के लिए हरभंगी और बदनाला बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा। समंदर में 14 मीटर से भी ऊंची लहरें उठने के संकेत हैं। इससे तटीय सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
तमिलनाडु : उत्तरी तमिलनाडु में 18 और 19 नवंबर को मूसलाधार बारिश हो सकती है। राजधानी चेन्नई और आसपास के तटीय क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या पैदा हो सकती है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और समंदर में ऊंची लहरें उठने की संभावना के कारण मछुआरों के समुद्र में जाने पर रोक लगा दी गई है।
पुडुचेरी : केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 20 नवंबर के बीच तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है। समंदर में उठने वाली ऊंची लहरों से तटीय जनजीवन प्रभावित हो सकता है, इसलिए प्रशासन को हर पल की स्थिति पर पैनी नजर रखने और मछुआरों को तट पर ही रोकने के निर्देश मिले हैं।
तेलंगाना: इस राज्य में 20 और 21 नवंबर को बारिश अपना जोर दिखाएगी, खासकर पूर्वी हिस्सों में बहुत भारी वर्षा हो सकती है। निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
पश्चिम बंगाल: राज्य के दक्षिणी हिस्सों में 19 और 20 नवंबर को मौसम बिगड़ा रहेगा। दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर और झारग्राम जिलों के कई इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
झारखंड: चक्रवात के बाहरी घेरे के असर से झारखंड के कई जिलों में 20 और 21 नवंबर को बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।
छत्तीसगढ़: हालांकि तूफान सीधे इस राज्य से नहीं टकराएगा, लेकिन इसकी नमी के कारण 20 और 21 नवंबर को उत्तरी और दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
बिहार: समुद्री तूफान का असर बिहार के मौसम में भी बदलाव लाएगा। गया और नवादा समेत प्रदेश के 5 जिलों में 20 और 21 नवंबर को बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश: राज्य के पूर्वी हिस्सों में इस चक्रवात का प्रभाव महसूस किया जाएगा। आने वाले दो दिनों तक यहां तेज आंधी के साथ बारिश होने की आशंका बनी हुई है।
क्या है 'अकवान' और ईरान ने क्यों रखा इस तूफान का ऐसा नाम?
समंदर में उठने वाले चक्रवाती तूफानों के नामकरण की परंपरा 2000 में शुरू हुई थी। इसके लिए भारत और पड़ोसी देशों ने मिलकर साझा सूची तैयार की थी। 2018 में इस समूह का विस्तार हुआ और इसमें ईरान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और यमन को भी शामिल किया गया। ये सभी देश अपनी बारी आने पर तूफानों को नाम देते हैं। इसमें इस बात का खास ख्याल रखा जाता है कि नाम किसी धर्म, राजनीति, संस्कृति या व्यक्ति विशेष की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाए। इस बार तूफान का नाम रखने की बारी ईरान की थी। ईरान ने इसे अकवान नाम दिया है। ईरानी पौराणिक कथाओं और फारस के प्रसिद्ध महाकाव्य शाहनामा के अनुसार अकवान बेहद शक्तिशाली राक्षस था। लोक कथाओं में इस महादानव और महान योद्धा रुस्तम के बीच हुए भीषण युद्ध का वर्णन मिलता है। इस पौराणिक पात्र के नाम पर इस विनाशकारी चक्रवात की पहचान तय की गई है।