रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' जल्द ही 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली है। इस कामयाबी के बीच अब 'रामायण' की स्टारकास्ट को खास मौका मिला है। इस फिल्म की कास्ट ने अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एक खास मुलाकात की है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। अमित शाह ने दिल्ली में फिल्म की टीम से मुलाकात की और पूरी टीम को इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए बधाइयां भी दीं। इस मुलाकात में रणबीर कपूर और साई पल्लवी समेत फिल्म से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। वहीं, फिल्म में रावण बने साउथ सुपरस्टार यश इस बैठक का हिस्सा नहीं बन सके।
यश की गैरमौजूदगी का क्या है कारण?
बता दें, फिल्म की शानदार सफलता के लिए निर्माताओं और कलाकारों को अमित शाह ने बधाई दी है। इस मुलाकात में फिल्म प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, डायरेक्टर नितेश तिवारी, एक्टर रणबीर कपूर और साई पल्लवी के साथ नीरज सिंघई भी शामिल हुए। इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा यश की गैरमौजूदगी को लेकर हो रही है। बताया जा रहा है कि यश अपने बिजी शेड्यूल और वर्क कमिटमेंट्स के चलते दिल्ली नहीं आ सके। ऐसे में उनके बिना ही फिल्म की टीम ने अमित शाह से मुलाकात की।
अमित शाह ने शेयर की तस्वीरें
आपको बता दें, अमित शाह ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस खास मीटिंग की तस्वीरें शेयर की हैं। इन फोटोज को पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, '‘रामायण’ फिल्म की टीम से नई दिल्ली में भेंट की। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम ने अपने जीवन से कर्तव्यपालन, त्याग व सत्यनिष्ठा के जो आदर्श स्थापित किए, उन्हें सिनेमा की आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने के इस अभिनव प्रयास के लिए पूरी टीम को बधाई।' अब अमित शाह का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।
इस लुक में नजर आए 'रामायण' के सितारे
तस्वीरों की बात करें तो रणबीर इस दौरान सूट पहनकर और चश्मा लगाकर पहुंचे थे। वहीं, साई पल्लवी गुलाबी साड़ी में एक बार फिर अपने सादगी भरे अंदाज में दिखाई दीं। सभी ने इस दौरान बैठकर कुछ खास विषयों पर चर्चा की है। अब अमित शाह के साथ हुई इस मुलाकात के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ सकती है।