हाल ही में एक चुनावी सर्वेक्षण ने सबको चौंका दिया है। इस सर्वे के मुताबिक प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब भी सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी बीजेपी को कड़ी टक्कर देती दिखाई दे रही है। बैंगलुरू की राजनीतिक सर्वेक्षण संस्था स्कोर इंटेलिजेंस के सर्वे के मुताबिक 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 160 से 202 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बीजेपी को 177 से 215 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

बीजेपी है बल्ले-बल्ले

बीजेपी यूपी में अपने असंतुष्ट समर्थकों को साथ लाने के लिए पिछले चुनाव की तरह दोहरी रणनीति अपना रही है। यूजीसी नियमों को लेकर नाराज सवर्णों को साथ लेने के लिए योगी आदित्यनाथ को सामने रखा जा रहा है। हालांकि अभी तक योगी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया गया है।

इन दिनों समाजवादी पार्टी औऱ कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही तनातनी को देखते हुए योगी-बीजेपी के खेमें में उत्साह नज़र आ रहा है। सर्वे के मुताबिक अगर समाजवादी पार्टी कांग्रेस से तालमेल करने में नाकाम रहती है तो इसका सीधा फायदा बीजेपी को मिलने जा रहा है।

वोट शेयर में सपा आगे

लेकिन अखिलेश यादव के हौसले बुलंद होने की वजह यह भी है कि बीजेपी औऱ सपा के बीच का फासला महज 0.29 फीसदी का है। सर्वे के मुताबिक बीजेपी को 36.69 औऱ सपा को 36.98 फीसदी वोट मिलने के आसार हैं।

सर्फ की खरीदारी में समझदारी

अगर इंडिया गठबंधन एकजुट हो कर चुनाव लड़ता है तो यूपी में अखिलेश की सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है। इंडिया गठबंधन को 174 से 219 सीटें मिलने की उम्मीद की जा रही है।

तय होगा बीएसपी का भविष्य

स्कोर इंटेलीजेंस के सर्वेक्षण के अनुसार इंडिया गठबंधन के एकजुट होने का खामियाजा बहुजन समाज पार्टी को भी उठाना पड़ सकता है। सर्वे के मुताबिक इन हालात में बीएसपी को महज एक सीट पर संतोष करना पड़ सकता है।

लेकिन एक दिलचस्प सीनेरियो बनने के भी आसार हैं। सपा से कांग्रेस की बात न बनने पर बीएसपी से गठजोड़ की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। सर्वे के अनुसार बीएसपी को 11.45 औऱ कांग्रेस को 7.67 फीसदी वोट शेयर हासिल हो सकता है। भले ही यह गठजोड़ सरकार बनाने की सूरत में न हो लेकिन बीजेपी औऱ समाजवादी पार्टी की हसरतों पर पानी फेरने के लिए काफी है।

रावण और ओवैसी आए साथ

चंद्रशेखर आजाद रावण की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) औऱ असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम भी मैदान में है। जिससे दलित औऱ मुस्लिम वोटों में सेंध लगने का अंदेशा जताया जा रहा है। हालांकि दोनों की आयोजित रैली लोगों को खींचने में बहुत कामयाब नहीं नज़र आई।

योगी अब भी यूपी में लोकप्रिय

सर्वक्षण में योगी को 35.29 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री के तौर पर पसंद किया है तो अखिलेश यादव 26.50 प्रतिशत लोगों की पसंद के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

स्कोर इंटेलिजेंस ने 16 सितंबर, 2026 से 20 नवंबर,2026 के बीच 91 हजार 429 लोगों से रायशुमारी कर सर्वेक्षण तैयार किया है।

गठबंधन से ज्यादा लठबंधन

देखा जाए तो यूपी में कांग्रेस के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है। ऐसे में सम्मानजनक समझौता न होने का नुकसान उससे ज्यादा समाजवादी पार्टी को उठाना पड़ सकता है। किसी ने सही कहा कि गठबंधन न होने की सूरत में कांग्रेस दहाई का आंकड़ा मुश्किल से पार कर पाएगी, लेकिन यह भी सच है कि समाजवादी पार्टी को तिहाई यानि सैकड़ा पाने में  पूरा दम लगाना पड़ेगा। अखिलेश जानते हैं कि दलित सपा को वोट देने को तैयार नहीं है। बुआ-भतीजे के गठबंधन पर भी मायावती की शिकायत यह थी कि यादव समेत पिछड़े वर्ग ने उनके दलित उम्मीदवारों को वोट नहीं दिया था। ऐसे में सपा के लिए कांग्रेस ज़रूरी है। क्योंकि कांग्रेस दलितों औऱ मुसलमानों की हमदर्दी पाने में कामयाब रही है।

वसीम बरेलवी ने ठीक ही कहा है-

लगा के देख लो जो भी हिसाब आता हो

मुझे घटा के वो गिनती में हर नहीं सकता।