'बिग बॉस सीजन 20' के ग्रैंड फिनाले में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। अब ये शो अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है और अभी भी शो में तीन कंटेस्टेंट्स ऐसे हैं, जिनका गेम उन्हीं की तरह सुस्त पड़ा हुआ है। बाकी घरवालों के साथ-साथ शो के होस्ट सलमान खान भी इन तीनों को समझा-समझाकर थक चुके हैं। शो इस अहम पड़ाव पर है, बावजूद इसके इन तीनों कंटेस्टेंट्स के पास न तो अपने मुद्दे होते हैं और न ही इनका कोई क्लियर स्टैंड नजर आता है। ये तो बस दूसरों की चुगलियां करते या एक जगह बैठकर कमेंटबाजी करते हुए नजर आते हैं। ये तीनों कोई और नहीं बल्कि माही विज, गुल्लू और कनिका मान हैं।  

माही विज का गेम दिख रहा ढीला 

माही से शो की शुरुआत में लोगों को काफी उम्मीदें थीं। उनकी पर्सनालिटी को देखते हुए ऐसे दावे किए जा रहे थे कि वो शो में आग लगा देंगी। दरअसल, माही विज की पर्सनालिटी काफी डेयरिंग लग रही थी, वो अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं, लेकिन इस शो में वो बस साइड कैरेक्टर बनकर रह गईं। पिछले कुछ हफ्तों से तो माही अपना बैग पैक किए घूम रही हैं क्योंकि उनका कॉन्फिडेंस खत्म हो गया है और उन्हें यकीन आ गया है कि वो शो से बाहर होने वाली हैं। आपको बता दें, इस शो में माही या तो दोस्त बदलते या उल्टे-सीधे कमेंट कर अपनी बातों से मुकरते हुए ही नजर आई हैं। माही को अक्सर अपना गेम छोड़ दूसरों की पर्सनल लाइफ में दिलचस्पी लेते हुए देखा जाता है। 

कनिका को चुगलियों और शिकायतों से नहीं फुर्सत 

कनिका मान को टॉप 3 में शुरू से ही देखा जा रहा था, लेकिन अब उनका टॉप 5 में पहुंचना भी मुश्किल लग रहा है। पिछले कुछ हफ़्तों से वो गेम में शिकायत करने के अलावा कुछ भी नहीं कर रहीं। वो बस एक सोफे पर बैठकर अपने दोस्तों के साथ या तो बाकी घरवालों के गेम पर कमेंट करते हुए नजर आती हैं, या फिर उनके खिलाफ नैरेटिव सेट करने की कोशिश करती हैं। कनिका किसी भी मुद्दे पर कभी खुलकर स्टैंड नहीं लेतीं। अब तो उनका गेम काफी बोरिंग हो गया है क्योंकि वो बस सोफे पर बैठकर अजीब-अजीब एक्सप्रेशंस ही देती रहती रहती हैं। 

गुल्लू बनकर रह गए स्पॉट बॉय 

कनिका के दोस्त गुल्लू का भी कुछ ऐसा ही हाल है। जब ये शो शुरू हुआ था, तो दर्शक गुल्लू से काफी इम्प्रेस नजर आ रहे थे। हालांकि, अब गुल्लू बस कनिका और लव के स्पॉट बॉय बनकर रह गए हैं। वो न तो किसी के लिए स्टैंड लेते हैं और न ही कभी सीरियस नजर आते हैं। अगर उनकी लड़ाई भी होती है, तो वो कनिका या लव के मुद्दे पर होती है। ऐसा लग रहा है कि गुल्लू अब ट्रॉफी से काफी दूर जाते हुए नजर आ रहे हैं। वो कनिका के साथ बैठकर दूसरों का गेम डिसकस करते-करते अपना गेम खेलना ही भूल चुके हैं।