IRCTC Scam : दिल्ली हाईकोर्ट ने आज यानी 26 नवंबर को राजद (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बिहार विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव को तगड़ा झटका दिया है। अदालत ने IRCTC घोटाला मामले में तीनों नेताओं के खिलाफ आरोप तय करने के निचली अदालत के आदेश को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया। जस्टिस स्वर्णाकांता शर्मा ने कहा कि याचिकाएं खारिज की जाती हैं और निचली अदालत द्वारा आरोप तय करने का आदेश कायम रहेगा। 

राउज एवेन्य कोर्ट ने तय किए थे आरोप

इससे पहले 13 अक्टूबर 2025 को राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार की धाराओं में आरोप तय किए थे। हाईकोर्ट के इस नए फैसले के बाद वे सभी आरोप अब भी बरकरार रहेंगे। यह पूरा विवाद लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान रांची और पुरी स्थित BNR होटलों के संचालन का ठेका देने से जुड़ा है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का आरोप है कि इन दोनों होटलों के रखरखाव और चलाने का काम निजी कंपनी सुजाता होटल्स को सौंपने की प्रक्रिया में कथित तौर पर नियम-कायदों की अनदेखी और अनियमितताएं की गईं। जांच एजेंसी के मुताबिक इस कथित फायदे के बदले पटना में जमीन का सौदा किया गया।

पूरे मामले में पटना की जमीन का क्या कनेक्शन?

जांच एजेंसियों के अनुसार होटल के टेंडर और पटना की जमीन के बीच कथित लेन-देन इस पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी है। CBI ने आरोप लगाया है कि पटना की कीमती जमीन पहले एक कंपनी के माध्यम से खरीदी गई और बाद में उसका असरदार नियंत्रण लालू परिवार से जुड़ी कंपनी लारा प्रोजेक्ट्स तक पहुंच गया। एजेंसी ने आरोप लगाया कि जमीन की वास्तविक कीमत और जिस दाम पर उसका सौदा हुआ, उन दोनों के बीच बड़ा अंतर था। इसी जमीन सौदे को आगे चलकर प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने अपनी मनी लॉन्ड्रिंग जांच का आधार बनाया।

यह विवाद कब और कैसे शुरू हुआ?

इस मामले की शुरुआत 2004-05 के समय से जुड़ी मानी जाती है। उस दौर में लालू प्रसाद यादव केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे। मार्च 2004 में रेलवे के दो होटलों के प्रबंधन से जुड़ी प्रक्रिया IRCTC को सौंपी गई थी। इसके बाद मई 2004 में लालू यादव ने रेल मंत्री का पद संभाला और होटल चलाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया आगे बढ़ी। CBI के अनुसार वर्ष 2005-06 के दौरान टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी करके सुजाता होटल्स को लाभ पहुंचाया गया।

CBI और ED की जांच में कब हुई एंट्री? 

कई साल बीतने के बाद यह मामला 2017 में फिर से चर्चा में आया। जुलाई 2017 में CBI ने इस मामले में FIR दर्ज की। एजेंसी ने लालू यादव और अन्य आरोपियों पर पद के कथित गलत इस्तेमाल, आपराधिक साजिश रचने और होटल टेंडर में गड़बड़ी के आरोप लगाए। इसके बाद CBI ने जांच को आगे बढ़ाया और अप्रैल 2018 में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की। इस चार्जशीट में लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया। CBI की FIR के आधार पर ED ने भी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की। अगस्त 2018 में ED ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट यानी PMLA के तहत लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और अन्य के खिलाफ चार्जशीट दायर की। इसी कदम के बाद यह केस केवल कथित भ्रष्टाचार या होटल टेंडर के विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मनी लॉन्ड्रिंग के मामले के रूप में भी अदालत पहुंच गया।