Amitabh Bachchan Firing News : महानायक अमिताभ बच्चन की सुरक्षा से जुड़ा बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर के बाहर गोलियां चलाने की योजना बना रहे दो खतरनाक शार्पशूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन के रहने वाले दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात साफ हुई है कि यह दोनों शूटर विदेश में बैठकर अपना नेटवर्क चला रहे एक कुख्यात गैंगस्टर के इशारों पर काम कर रहे थे।
क्यों निशाने पर थे अमिताभ बच्चन?
पुलिस सूत्रों के अनुसार विदेश में बैठा यह गैंगस्टर साल 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ बच्चन से जुड़े एक कथित बयान से नाराज था और इस वजह से वह उन्हें सबक सिखाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ बच्चन इस तरह का कोई भी बयान देने की बात को पहले ही पूरी तरह से नकार चुके हैं।
दोनों शूटरों को सौंपी गई थी अलग-अलग जिम्मेदारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तरनतारन का दीपक सिंह 3 अक्टूबर को अमृतसर में हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी फरार था। उस हत्याकांड में दीपक के साथ शामिल पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पूछताछ में दीपक ने कबूल किया कि उसे मुंबई में लंबे समय तक रुकने के निर्देश दिए गए थे। उसका मकसद अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर फायरिंग करना था। दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य ने जानकारी दी कि जालंधर के न्यू गांधी नगर का रहने वाला विकास ठाकुर मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। उसे राजधानी के एक बड़े कारोबारी से मोटी रंगदारी वसूलने के लिए उस पर गोली चलाने का टास्क मिला था। इस वारदात में दीपक सिंह को भी विकास का साथ देना था, लेकिन हमला होने से ठीक पहले दिल्ली पुलिस ने विकास को दबोच लिया। विकास से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुंबई में छापेमारी की और दीपक सिंह को भी दबोचा।
क्या है 1984 के दंगों से जुड़ा वह पुराना विवाद?
दरअसल, 1984 के दंगों की गवाह जगदीश कौर और कुछ सिख संगठनों ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को भड़काया था। शिकायतकर्ताओं का दावा था कि दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान अमिताभ ने हाथ उठाकर खून का बदला खून और खून के छींटे सिखों के घरों तक पहुंचने चाहिए' जैसे भड़काऊ नारे लगाए थे। मगर, अब तक इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो सामने नहीं आ सका है। मामले को लेकर अक्टूबर 2014 में सिख्स फॉर जस्टिस संगठन ने अमेरिका के लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में अमिताभ बच्चन के खिलाफ दीवानी मुकदमा भी दायर किया था, जिसका अमिताभ ने पुरजोर खंडन किया था। सबसे अहम बात यह है कि भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने 1984 के दंगों में न तो अमिताभ बच्चन को कभी आरोपी बनाया और न ही उनके खिलाफ कोई सबूत मिला।
बंगला जलसा उड़ाने और दिलजीत दोसांझ को मारने की मिल चुकी है धमकी
अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि हाल में उनके मुंबई स्थित बंगले जलसा को बम से उड़ाने की दो धमकियां मिल चुकी हैं। पहला धमकी भरा ईमेल 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजा गया था। दूसरा ईमेल 6 नवंबर को सामने आया। 23 अक्टूबर को भेजे गए ईमेल में 1984 के सिख विरोधी दंगों का हवाला देते हुए मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। ईमेल में लिखा था कि चूंकि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए अब उन पर भी हमला होगा। 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स में होने वाले कार्यक्रम के दौरान आत्मघाती हमले में दिलजीत की हत्या कर दी जाएगी। इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने बीएमसी मुख्यालय पहुंचकर मेयर व डिप्टी मेयर के दफ्तरों समेत पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली थी।
टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर भी हो चुकी है फायरिंग
बॉलीवुड सितारों पर हमलों का यह सिलसिला नया नहीं है। 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार को भी निशाना बनाया गया था। टाइगर फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चला दी थीं। गनीमत रही कि हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे। उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति गोली लगने से जख्मी हो गए थे। मुंबई पुलिस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।