पिछले कुछ दिनों से बॉलीवुड के कुछ सेलिब्रिटीज को लगातार धमकियां मिल रही हैं। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन तो लगातार निशाने पर बने हुए हैं। उनके घर को बम से उड़ाने के धमकी भरे ईमेल अब तक कई बार सामने आ चुके हैं। अब एक बार फिर अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को निशाना बनाने का ईमेल सामने आया है। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को ये ईमेल भेजा गया है, जिसमें शहर में 26/11 जैसे आतंकी हमले की आशंका जताई गई है। इस ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। 

'जलसा' पर मंडराया खतरा!

ईमेल में शहर की कुछ महत्वपूर्ण जगहों का भी जिक्र किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया है कि मुंबई में एक बार फिर 26 नवंबर 2008 जैसी आतंकी वारदात होगी। अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाया जाएगा। ईमेल में सिर्फ मुंबई हमले की चेतावनी नहीं दी गई, बल्कि 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया है। धमकी देने वाले ने इस घटना का जिक्र किस मकसद से किया है, ये अभी पता नहीं चल पाया है। जांच में ईमेल की भाषा, उसमें दी गई जानकारियों और इसे भेजने वाले की पहचान की पड़ताल की जा सकती है।

मुंबई में कहां-कहां मिली ब्लास्ट की धमकी? 

सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, पंजाबी, हिंदी और अंग्रेजी में लिखे इस ईमेल में 26 नवंबर को दोपहर 1:11 बजे मेयर ऑफिस और दोपहर 3:00 बजे अदालत में ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है। 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच 'जलसा' पर ड्रोन हमला करने की बात भी लिखी गई है। सिंगर दिलजीत दोसांझ और उनके कॉन्सर्ट को लेकर भी चेतावनी सामने आई है। दरअसल, शुक्रवार को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत का कॉन्सर्ट होने वाला है। ऐसे में दिलजीत से माफी मांगने की मांग की है और 'मराठी भाइयों' से अपने बच्चों की रक्षा करने के लिए कहा गया है। ईमेल में 27 नवंबर को होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट में जमीन पर पड़े किसी भी आईफोन को न उठाने की हिदायत दी गई है। साथ ही कहा है कि अगर दिलजीत के कॉन्सर्ट को नहीं रोका, तो अगले 30 दिनों तक मुंबई में ग्रेनेड हमले होंगे।

मेट्रो में रखे IED से भरे बैग?

इसके अलावा ये दावा भी किया गया है कि मेट्रो ट्रेनों में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से भरे बैग रखे गए हैं। ऐसे में यात्रियों को 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो से सफर करना महंगा पड़ सकता है। ईमेल के आखिर में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) के नाम लिखे हुए हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में काफी फर्जी ईमेल आ रहे हैं।