भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवें वनडे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी भले ही लड़खड़ा गई, लेकिन तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी छोटी सी पारी से सबका ध्यान खींच लिया। माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेले गए मुकाबले में नंबर-11 पर बल्लेबाजी करने उतरे अर्शदीप ने सिर्फ 4 गेंदों में 14 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने दो शानदार छक्के लगाए और वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम के एक खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
पहली ही गेंद पर जड़ा छक्का
अर्शदीप सिंह जब बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे, तब भारतीय टीम का स्कोर 9 विकेट पर 166 रन था। उन्होंने जैकब डफी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपना खाता खोला। इसके बाद तीसरी गेंद पर भी उन्होंने गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचा दिया। अर्शदीप ने महज चार गेंदों का सामना करते हुए 14 रन बनाए। हालांकि, 43वें ओवर की पहली गेंद पर जैकब डफी ने उन्हें आउट कर दिया। उनकी इस छोटी लेकिन आक्रामक पारी में दो छक्के शामिल रहे।
नंबर-11 पर दो छक्के लगाने वाले तीसरे भारतीय बने
अर्शदीप सिंह वनडे क्रिकेट में भारत की ओर से नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए एक पारी में दो छक्के लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले वेंकटेश प्रसाद और मोहम्मद शमी यह कारनामा कर चुके हैं।
भारत के लिए नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए वनडे की एक पारी में दो छक्के लगाने वाले खिलाड़ी:
- वेंकटेश प्रसाद: पाकिस्तान के खिलाफ, टोरंटो, 1996
- मोहम्मद शमी: श्रीलंका के खिलाफ, फतुल्लाह, 2014
- अर्शदीप सिंह: न्यूजीलैंड के खिलाफ, माउंट माउंगानुई, 2026
पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले तीसरे भारतीय भी बने
अर्शदीप ने अपनी पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर एक और खास उपलब्धि हासिल की। वह वनडे में भारत की ओर से नंबर-11 पर उतरकर पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। इससे पहले वेंकटेश प्रसाद और जसप्रीत बुमराह भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। प्रसाद ने 2000 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में यह कारनामा किया था। वहीं, बुमराह ने 2019 में मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पैट कमिंस की गेंद पर पहली ही गेंद पर छक्का लगाया था।
भारत 209 रन पर हुआ ऑलआउट
मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। भारतीय टीम 42.1 ओवर में 209 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन बनाए। वहीं अर्शदीप और मोहम्मद सिराज ने आखिरी विकेट के लिए 26 रन जोड़कर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और मिचेल सेंटनर ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। मैथ्यू फिशर को दो सफलताएं मिलीं, जबकि ब्लेयर टिकनर और माइकल ब्रेसवेल ने एक-एक विकेट लिया।