Supreme Court on Bengal SIR : पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची (Voter List) के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एक बेहद महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश जारी किया है। शीर्ष अदालत ने अपीलीय ट्रिब्यूनलों (Appellate Tribunals) से कहा है कि जिन नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं, उनकी शिकायतों और अपीलों का निपटारा सबसे पहले किया जाए। दूसरी तरफ किसी व्यक्ति का नाम सूची में जोड़े जाने के खिलाफ जो आपत्तियां या अपीलें दायर की गई हैं, उन पर सुनवाई अभी रोक दी जाए।
कोलकाता के मतदाताओं को मिलेगी पहली प्राथमिकता
शीर्ष अदालत ने अपने आदेश में कोलकाता नगर निगम (KMC) इलाके के वोटर्स की अर्जी पर विशेष ध्यान देने को कहा है। न्यायाधीशों का मानना है कि जिन लोगों का नाम सूची से बाहर हुआ है, उनके मामले बिना देरी किए सुलझाए जाने चाहिए ताकि किसी का लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित न हो।
ट्रिब्यूनलों की संख्या और दफ्तर बढ़ाने का फरमान
अपीलों के जल्द निपटारे के लिए सुप्रीम कोर्ट ने अपीलीय ट्रिब्यूनलों की तादाद बढ़ाने का हुक्म सुनाया है। इस काम के लिए निर्वाचन आयोग (Election Commission) को कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) से सलाह लेने और उनके सुझावों के मुताबिक कदम उठाने को कहा गया है। इसके अलावा कोर्ट ने चुनाव आयोग को यह जिम्मेदारी भी सौंपी है कि वह अलग-अलग जगहों पर इन ट्रिब्यूनलों के काम करने के लिए सही दफ्तरों का इंतजाम करे। इससे सुनवाई की रफ्तार बढ़ेगी और मामले जल्दी खत्म होंगे। इन सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए आयोग को महज सात दिनों की मोहलत दी गई है।
राशन और सरकारी सुविधाएं छिनने के मुद्दे पर कोर्ट का जवाब
मामले की सुनवाई के वक्त जाने-माने अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बेंच के सामने यह बात रखी कि वोटर लिस्ट से नाम हटने के बाद प्रभावित लोगों का राशन कार्ड और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाएं भी बंद की जा रही हैं। इस शिकायत पर सर्वोच्च न्यायालय ने बताया कि उसका मौजूदा हस्तक्षेप सिर्फ मतदाता सूची के मामले तक ही सीमित है। कोर्ट ने रास्ता दिखाते हुए कहा कि अगर किसी नागरिक को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं या अन्य सुविधाओं से दूर रखा जा रहा है तो वह इंसाफ के लिए संबंधित हाईकोर्ट में अपनी गुहार लगा सकता है।