बॉलीवुड में किस्मत कब पलटी मार जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। कभी किस्मत, तो कभी मेहनत इंसान को अर्श से फर्श तक पहुंचा देती है। ऐसा ही कुछ एक्टर विक्रांत मैसी के साथ भी हुआ। कई सालों की कड़ी मेहनत के बाद आज विक्रांत मैसी उस मुकाम पर हैं, जिसके लिए उन्होंने खूब पापड़ बेले हैं। लोग सिर्फ ये जानते हैं कि विक्रांत मैसी ने टीवी से बॉलीवुड तक का सफर तय किया है, लेकिन बेहद ही कम लोगों को पता होगा कि विक्रांत का सफर सिर्फ इतना सा नहीं रहा। अब एक्टर ने अपनी स्ट्रगल को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। इस वक्त विक्रांत मैसी काफी इमोशनल है और इसकी वजह भी उन्होंने खुद ही रिवील की है।
सचिन तेंदुलकर ने शेयर की विक्रांत संग तस्वीर
'12वीं फेल' जैसी फिल्म से लोगों का दिल जीतने वाले विक्रांत मैसी ने अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी था, जब वो क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के एक विज्ञापन में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर नजर आए थे। आज उसी सचिन तेंदुलकर ने उनके साथ सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर शेयर की है। अब इस पल को विक्रांत ने किसी सपने के सच होने जैसा बताया है। बता दें, सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें उनके साथ विक्रांत मैसी और आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा नजर आ रहे हैं।
विक्रांत मैसी की पुरानी यादें हुईं ताजा
सचिन ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन ने लिखा- 'एक ने इस सफर को जिया, तो दूसरे ने इसे पर्दे पर जीवंत कर दिया। '12th फेल' के असली और रील किरदारों से मिलकर बहुत अच्छा लगा!' ये तस्वीर सामने आते ही लोगों का ध्यान खींचने लगी। लेकिन इस पोस्ट पर विक्रांत के कमेंट ने इस मुलाकात को और भी खास बना दिया। विक्रांत मैसी ने सचिन की पोस्ट पर कमेंट करते हुए अपनी पुरानी यादें ताजा कीं। उन्होंने बताया कि जब वो SDIPA में थे, तब उन्होंने सचिन तेंदुलकर के एक एडिडास विज्ञापन में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम किया था।
विक्रांत ने कमेंट में किया बड़ा खुलासा
विक्रांत ने कमेंट में लिखा, 'ओह माय गॉड! मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि आपने हमारी फोटो शेयर की है। बहुत-बहुत धन्यवाद सर। SDIPA में रहते हुए आपके एक एडिडास विज्ञापन में बैकग्राउंड डांसर होने से लेकर, अब मेरे और मनोज सर के साथ आपकी फोटो शेयर करने तक- ये किसी सपने से कम नहीं है। आपको ढेर सारी शुभकामनाएं, अच्छा स्वास्थ्य और खुशियां मिलें।' अब विक्रांत का कमेंट देख कई लोग उनकी जर्नी से इंस्पायर हो रहे हैं। इस कमेंट ने लाखों लोगों का ध्यान खींच लिया है।