यामी गौतम के फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज है। एक्ट्रेस एक बार फिर ओटीटी पर धमाका करने के लिए लौट रही हैं। अब उनकी नई फिल्म की ऑफिशियल अनाउंसमेंट हो गई है। यामी गौतम और सनी कौशल की जोड़ी फिर से फैंस को एंटरटेन करने को तैयार है। ये दोनों पहले भी एक धोखे भरी कहानी के साथ लोगों को एंटरटेन कर चुके हैं। अब एक बार फिर स्क्रीन पर चोरी कर ये दोनों दर्शकों के दिल भी चुरा ले जाएंगे। दरअसल, अब इन दोनों की पॉपुलर फिल्म 'चोर निकल के भागा' के सीक्वल 'चोर निकल के भागा 2' की रिलीज डेट सामने आ गई है। नेटफ्लिक्स ने अब इस फिल्म की अनाउंसमेंट करते हुए इसकी रिलीज डेट भी रिवील कर दी।
कब रिलीज होगी 'चोर निकल के भागा 2'?
यामी गौतम और सनी कौशल की जोड़ी एक बार फिर सस्पेंस और रोमांच से भरपूर कहानी लेकर लौट रही है। नेटफ्लिक्स के नया पोस्टर जारी कर रिवील किया है कि ये फिल्म 17 दिसंबर 2026 को स्ट्रीम होगी। फिल्म के पहले पोस्टर में समुद्र से बाहर निकलता हुआ एक कीमती रत्नों से सजा सुनहरा आभूषण दिखाई दे रहा है। इसके पीछे एक आलीशान क्रूज शिप नजर आ रहा है। पोस्टर के साथ लिखा है, ‘चोर फिर से निकल के भागने वाला है। क्या आप तैयार हैं?’ इस झलक ने फिल्म की कहानी को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है।
'चोर निकल के भागा 2' से जुड़ी डिटेल्स
फिलहाल मेकर्स ने कहानी, ट्रेलर और किरदारों से जुड़ी जानकारियां शेयर नहीं की हैं। ऐसे में फैंस को फिल्म के अगले पोस्टर और ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार है। अभी तक सिर्फ यही जानकारी सामने आई है कि इस फिल्म में सीक्वल में यामी गौतम और सनी कौशल एक बार फिर लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म की कास्ट में इस बार शरद केलकर और श्रेया चौधरी जैसे कलाकारों को भी शामिल किया गया है। सिंगर विशाल मिश्रा ने इस बार फिल्म के म्यूजिक की कमान संभाली है। वहीं, ये डफिल्म अजय सिंह के डायरेक्शन में बनी है और दिनेश विजान, अमर कौशिक ने मिलकर इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है।
क्या होगी फिल्म की कहानी?
आपको बता दें, यामी गौतम और सनी कौशल की फिल्म 'चोर निकल के भागा 2' को मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है। नेटफ्लिक्स और मैडॉक फिल्म्स इससे पहले भी ‘मर्डर मुबारक’ और ‘सेक्टर 36’ जैसे प्रोजेक्ट्स पर साथ काम कर चुके हैं। वहीं, कहानी की बात करें तो पहली फिल्म की कहानी एक विमान में हुई हाईजैकिंग और हीरे की चोरी के इर्द-गिर्द घूमती थी। लेकिन सीक्वल में कहानी का माहौल बदलने वाला है। इस बार चोरी की घटना एक लग्जरी क्रूज शिप में होगी। समुद्र के बीच कीमती आभूषण और चोरी की झलक फिल्म के पोस्टर में भी देखने को मिल रही है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक पूरी कहानी और किरदारों से जुड़े राज नहीं खोले हैं।