NCP News : महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में फिर हलचल तेज होती दिख रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अंदर पनप रहा असंतोष अब नए राजनीतिक समीकरणों के संकेत दे रहा है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि पार्टी के कुछ असंतुष्ट सांसद और विधायक उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। बताया जा रहा कि इन जनप्रतिनिधियों ने अपने दल में चल रही अंदरूनी खींचतान को लेकर शिंदे के सामने अपनी बात रखी है।
शिंदे ने जल्दीबाजी नहीं करने की दी सलाह
सूत्रों का कहना है कि एनसीपी (शरद पवार) से जुड़े इन सांसदों और विधायकों ने एकनाथ शिंदे से संपर्क साधकर संगठन के मौजूदा घटनाक्रम और नेतृत्व के फैसलों पर अपना विरोध जताया। शिंदे ने इन सभी नेताओं की शिकायतों और विचारों को गंभीरता से सुना। वैसे, उन्होंने अभी इन नेताओं को जल्दबाजी न करने और धैर्य बनाए रखने की सलाह दी है। महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीति में इस संपर्क और चर्चा को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विलय और प्रस्तावित विधेयक पर समर्थन को लेकर उभरे मतभेद
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के भीतर उठे इस विरोध के पीछे दो प्रमुख कारण बताए जा रहे। पहला मुद्दा पार्टी के संभावित विलय से जुड़ा और दूसरा केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक को समर्थन देने का है। इन दोनों विषयों पर पार्टी के नेताओं की राय बंटी हुई नजर आ रही है। कई नेता शीर्ष स्तर पर लिए जा रहे निर्णयों से संतुष्ट नहीं हैं, जिसके चलते संगठन के अंदर असंतोष बढ़ने की चर्चा तेज हो गई है।
सुनेत्रा पवार गुट के नेता भी कर चुके हैं शिंदे से मुलाकात
गौरतलब है कि इससे पहले सुनेत्रा पवार की अगुवाई वाली एनसीपी के कुछ नेता भी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से भेंट कर चुके हैं। अब शरद पवार के गुट वाले नाराज नेताओं के भी शिंदे के संपर्क में आने की खबरों ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है। फिलहाल इन असंतुष्ट नेताओं के किसी दूसरे राजनीतिक दल में जाने को लेकर कोई औपचारिक घोषणा या पुष्टि नहीं हुई है। मगर, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी के भीतर यह खींचतान इसी तरह जारी रही तो आने वाले समय में महाराष्ट्र की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।