Supriya Sule On Delimitation Bill : लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने वाले प्रस्तावित परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण कानून को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज है। एक तरफ केंद्र सरकार और एनडीए (NDA) इसे संवैधानिक जरूरत बता रहे तो दूसरी तरफ विपक्षी दल संसद सत्र में देरी और दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिशों को लेकर सरकार पर हमलावर हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने प्रस्तावित परिसीमन बिल पर कहा है कि सबसे पहले सरकार को यह विधेयक संसद में लाना चाहिए और इसकी पूरी प्रति सभी सांसदों को देनी चाहिए।
प्रावधानों को समझे बिना नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता: सुले
बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए सुले ने कहा कि जब तक पूरा मसौदा सांसदों के हाथ में नहीं आएगा, तब तक इसके प्रावधानों को ठीक से समझे बिना किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता। सुले ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि संभव है यह बिल अच्छा साबित हो। उन्होंने याद दिलाया कि इतिहास में ऐसे कई मौके आए हैं, जब राष्ट्रीय हित से जुड़े मामलों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने मतभेदों से ऊपर उठकर मिलकर कानून बनाए हैं। उनके मुताबिक किसी भी विधेयक पर राय बनाने से पहले उसकी बारीकियों को परखना बेहद जरूरी है।
संसद सत्र में देरी पर विपक्ष का हमला: जयराम रमेश और संदीप दीक्षित के आरोप
संसद के शीतकालीन सत्र की घोषणा में हो रही देरी को लेकर विपक्षी नेताओं ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर तंज कसा कि सरकार परिसीमन से जुड़े विधेयकों को पास कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की जद्दोजहद कर रही है। जयराम रमेश ने कौटिल्य के अर्थशास्त्र में बताए गए 'साम, दाम, दंड और भेद' का जिक्र करते हुए लिखा कि खुद को चाणक्य समझने वालों ने दाम, दंड और भेद का सहारा लिया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पहले तरीके यानी 'साम' को क्यों नहीं अपनाया जाता। जयराम रमेश के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीते सात महीनों में 11 अप्रैल, 16 जुलाई, 27 अगस्त और 16 अक्टूबर को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर संवाद का यही रास्ता सुझाया था, लेकिन उन पत्रों का अब तक कोई औपचारिक जवाब नहीं मिला है। वहीं, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। संदीप दीक्षित का कहना है कि सरकार के पास दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा नहीं है और वह किसी भी तरह बहुमत जुटाने की कोशिश में है। उन्होंने दावा किया कि इसके लिए सांसदों को खरीदने की कवायद चल रही हो सकती है और प्रति सांसद सौ-दो सौ करोड़ रुपये जैसे रेट तय किए गए होंगे। उनके मुताबिक, सौदेबाजी पूरी होने और किसी के पैसे लेकर भाग जाने से पहले ही सरकार संसद का सत्र बुला सकती है।
कंगना रनौत ने राहुल गांधी को बनाया था निशाना
इस पूरे सियासी खींचतान से पहले सोमवार को भाजपा सांसद कंगना रनौत ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया था। एएनआई से बातचीत में कंगना ने राहुल गांधी पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि वह नहीं चाहते कि संसद में महिलाओं की संख्या पुरुषों के बराबर पहुंचे। कंगना का कहना था कि यदि राहुल गांधी महिला विरोधी न होते तो उन्होंने इस विधेयक को आगे बढ़ने और पेश होने दिया होता।
क्या है परिसीमन और महिला आरक्षण का पूरा मुद्दा
परिसीमन प्रक्रिया के तहत जनसंख्या और प्रतिनिधित्व के आधार पर लोकसभा व विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण किया जाता है। महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटें देने का प्रावधान है, जिसे जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया है।
एनडीए और केंद्र सरकार का पक्ष: केंद्र सरकार का मानना है कि नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन करना जरूरी है। प्रस्तावित योजना में लोकसभा की अधिकतम सीटें बढ़ाकर 850 करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण और महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
विपक्ष और INDIA गठबंधन का रुख: कांग्रेस समेत विपक्षी INDIA गठबंधन की मांग है कि महिला आरक्षण को परिसीमन से न जोड़ा जाए और इसे 543 सदस्यीय मौजूदा लोकसभा में ही तुरंत लागू किया जाए।
131वां संविधान संशोधन विधेयक क्यों नहीं हो सका था पारित
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 बीते 16 अप्रैल को लोकसभा में पेश किया गया था। इसका मकसद लोकसभा की अधिकतम सीटें 850 करना और महिला आरक्षण को जल्द लागू करने का रास्ता खोलना था। वैसे, 17 अप्रैल को यह विधेयक संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई विशेष बहुमत का आंकड़ा नहीं छू सका। इसके बाद संबंधित परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक पर भी आगे की कार्यवाही थम गई थी।