Supriya Sule: संसद के आने वाले विशेष सत्र से ठीक पहले महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल काफी बढ़ गई है। शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए में जाने की चर्चाओं के बीच सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर बातचीत तेज हो गई है। एक रिपोर्ट के अनुसार शरद पवार का गुट परिसीमन विधेयक को समर्थन देने और INDIA गठबंधन को छोड़कर एनडीए में शामिल होने के बदले केंद्र और महाराष्ट्र, दोनों जगह मंत्री पद चाह रहा है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह दावा भी किया गया है कि पार्टी संसद में इस बिल का साथ देने से पहले सत्ता में हिस्सेदारी का फॉर्मूला पक्का करना चाहती है।

पार्टी की मांग सिर्फ केंद्र तक सीमित नहीं

रिपोर्ट के मुताबिक NCP-SP चाहती है कि लोकसभा सांसद और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में मंत्री पद मिले। सुप्रिया सुले शरद पवार की बेटी हैं। हाल में वह INDIA गठबंधन की तरफ से कथित चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में काफी सक्रिय नजर आई थीं। हालांकि, कुछ दिनों से वह परिसीमन के पक्ष में अपनी बात रख रही हैं। पार्टी की मांग सिर्फ केंद्र तक सीमित नहीं है। केंद्र में सुप्रिया सुले के मंत्री पद के साथ NCP-SP महाराष्ट्र की बीजेपी नेतृत्व वाली सरकार में भी दो कैबिनेट मंत्री पद चाहती है। रिपोर्ट के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को वित्त मंत्रालय दिए जाने की चर्चा है, जबकि जितेंद्र आव्हाड को किसी अन्य कैबिनेट विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके अलावा दो राज्य मंत्री (MoS) पदों की भी मांग की जा रही, ताकि बाकी वरिष्ठ विधायकों को भी सरकार में जगह मिल सके।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की अटकलें खारिज

इस रिपोर्ट में साफ किया गया है कि शरद पवार ने सुप्रिया सुले को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है, ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। सुप्रिया सुले ने खुद इन बातों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा में उनकी पार्टी के केवल 10 विधायक हैं। लोकसभा में NCP-SP के पास आठ सांसद हैं । ऐसे में परिसीमन विधेयक को पास कराने के लिए इन आठ सांसदों का समर्थन अहम भूमिका निभा सकता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि इसी साल अप्रैल में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रयास को संसद में जरूरी समर्थन नहीं मिल पाया था।

शरद पवार ने कांग्रेस नेतृत्व को फोन कर बताई अपनी मजबूरी

रिपोर्ट के अनुसार शरद पवार ने कांग्रेस के नेतृत्व से कॉल पर बात कर अपनी पार्टी की राजनीतिक मजबूरियों के बारे में बताया है। सूत्रों का दावा है कि पवार ने INDIA गठबंधन के सहयोगियों को समझाया कि परिसीमन विधेयक का समर्थन करना उनकी पार्टी को संभावित टूट से बचाने के लिए जरूरी है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि NCP-SP के भीतर एक हिस्सा ऐसा है, जो चाहता है कि संसद में बिल का औपचारिक समर्थन करने से पहले सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर समझौता हो जाए। इस बीच NCP-SP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि शरद पवार पहले अनौपचारिक बातचीत में चुनाव क्षेत्रों के पुनर्गठन की जरूरत बता चुके हैं। सुप्रिया सुले ने भी परिसीमन का समर्थन करते हुए कहा है कि लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करने से राज्यों के प्रतिनिधित्व का अनुपात कम होने की चिंता दूर हो सकती है।

INDIA गठबंधन की बैठक से दूरी बनाएगी NCP-SP

रिपोर्ट के मुताबिक शरद पवार की सेहत को देखते हुए सुप्रिया सुले ने बताया है कि वह सोमवार को सीधे दिल्ली पहुंचेंगी। इस वजह से वह आज होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में शरद पवार की पार्टी का कोई भी सांसद मौजूद नहीं रहेगा। वैसे, पार्टी की ओर से किसी गैर-सांसद प्रतिनिधि को दिल्ली भेजा जा सकता है।

कांग्रेस ने याद दिलाया राज्यसभा चुनाव में दिया समर्थन

NCP-SP के संभावित राजनीतिक कदम को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस ने भी अपना रुख रखा है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शरद पवार को राज्यसभा भेजने में दिए गए समर्थन की याद दिलाई। मराठी भाषा में किए गए इस पोस्ट में कांग्रेस ने कहा कि मार्च 2026 में महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। उस वक्त NCP-SP के पास सिर्फ 10 विधायक थे। जबकि एक उम्मीदवार की जीत के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। उस समय कांग्रेस के पास 16 और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के पास 20 विधायक थे। कांग्रेस के मुताबिक सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से समर्थन मांगा था और दोनों नेताओं ने बिना हिचकिचाए समर्थन देने पर हामी भरी थी। अब कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि उस समर्थन के बाद NCP-SP का संभावित राजनीतिक रुख क्या रहने वाला है।