SPO Bodies In Dumper : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। आतंकवादियों के कायराना हमले में अपनी जान गंवाने वाले दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPOs) के पार्थिव शरीर जब उनके पैतृक गांव पहुंचे तो वहां का मंजर देख हर किसी की आंखें नम हो गईं और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले इन वीर जवानों के शवों को बिना ताबूत और बिना स्ट्रेचर के एक साधारण डंपर में लाया गया था। इस अमानवीय लापरवाही को लेकर न सिर्फ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, बल्कि बीजेपी विधायक शगुन परिहार और वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा ने भी पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर कड़े सवाल खड़े किए हैं।

डंपर में आए जवानों के शव, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

बीते शुक्रवार को आतंकवादी हमले में शहीद हुए SPO बाबी चंद और रशपाल कुमार के पार्थिव शरीर जब उनके गांव पहुंचे, तो उनके सम्मान में जो तरीका अपनाया जाना चाहिए था, उसके बिल्कुल उलट नजारा दिखा। दोनों जवानों के शवों को किसी सैन्य वाहन या सम्मानजनक एम्बुलेंस के बजाय एक साधारण डंपर में लादकर लाया गया। न तो उनके साथ कोई ताबूत था और न ही प्रशासन की तरफ से कोई स्ट्रेचर मुहैया कराया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कोई भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था। देश की रक्षा में अपनी जान कुर्बान करने वाले इन बहादुर जवानों के शवों को इस तरह से ले जाया जाना, मानो कोई साधारण सामान ढोया जा रहा हो। दुखी परिवारों और गांव वालों का गुस्सा इस बात पर भी भड़का कि उन्हें अपनों के शव उठाने के लिए खुद मशक्कत करनी पड़ी। यहां तक कि ग्रामीणों को शव ढकने के लिए सफेद कपड़ा और आर्मी से मांगकर स्ट्रेचर का इंतजाम करना पड़ा। हालांकि, बाद में पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ दोनों शहीदों का अंतिम संस्कार किया गया।

शगुन परिहार का छलका दर्द, कहा- 90 के दशक में भी ऐसा नहीं हुआ था

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें किश्तवाड़ से बीजेपी विधायक शगुन परिहार बेहद भावुक और गुस्से में नजर आ रही हैं। उन्होंने मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने वाले हमारे जवानों का यह बहुत बड़ा निरादर है। शगुन परिहार ने सीनियर पुलिस अधिकारियों से तीखे शब्दों में कहा, उनकी लाशें एक डंपर में लाई गईं। हमारे SPOs की बेइज्जती हुई है। हमारे बहादुरों की बेइज्जती हुई है। आज जो कुछ हुआ है, वैसा तो खौफनाक 90 के दशक के दौर में भी देखने को नहीं मिला था।

विपक्ष के नेता सुनील शर्मा की कड़ी प्रतिक्रिया

इस पूरी घटना पर जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक गलियारों में भी उबाल है। बीजेपी नेता और जेएंडके विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने भी पुलिस प्रशासन की इस घोर लापरवाही की कड़ी निंदा की है। उन्होंने और विधायक शगुन परिहार ने एक सुर में सवाल उठाया कि देश के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले शहीदों के पार्थिव शरीर के साथ इस तरह की अंसवेदनशीलता और बेइज्जती कैसे बर्दाश्त की जा सकती है। शहीदों के अंतिम संस्कार के दौरान एक पुष्पांजलि समारोह का भी आयोजन किया गया, जहां सुनील शर्मा और शगुन परिहार समेत अन्य गणमान्य लोगों ने नम आंखों से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांग है कि इस बड़ी प्रशासनिक चूक और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में देश के किसी भी वीर सपूत के सम्मान के साथ ऐसा खिलवाड़ दोबारा न हो सके।