CBI Raids On Punjab CM Bhagwant Mann office : पंजाब के राजनीतिक और प्रशासनिक तंत्र में आज शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक साथ कई प्रमुख ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। सीबीआई की एक टीम चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस (कोठी नंबर 50) पहुंची तो दूसरी टीम ने मोहाली के फेज-11 में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के आवास पर दबिश दी। इसके अलावा संगरूर जिले के घराचों समेत राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में भी जांच एजेंसी के पहुंचने की सूचनाएं आई हैं। एक साथ हुई इस बड़ी कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहे कि पंजाब में जांच का दायरा तेजी से बढ़ रहा और कई बड़े नाम एजेंसी के निशाने पर हैं।
हाईकोर्ट के आदेश और सुप्रीम कोर्ट में याचिका के बीच कार्रवाई
सीबीआई का यह ऐक्शन ऐसे मोड़ पर सामने आया है, जब पंजाब सरकार इस मामले को लेकर देश की शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटा चुकी है। गौरतलब है कि दो दिन पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की सीबीआई जांच को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे। हाईकोर्ट के इस फैसले को चुनौती देते हुए राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की है। मंगलवार को शीर्ष अदालत ने इस याचिका को मेंशनिंग के लिए स्वीकार कर लिया, जिस पर जल्द सुनवाई होने की उम्मीद है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से ठीक पहले सीबीआई की इस तत्परता को काफी अहम माना जा रहा है।
कोठी नंबर 50 और आईएएस अफसर का ठिकाना चर्चा में
चंडीगढ़ स्थित जिस कोठी नंबर 50 पर सीबीआई की टीम पहुंची, उसे वर्तमान में मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पहले इस आवास का उपयोग आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा किया करते थे। दूसरी ओर मोहाली में आईएएस अधिकारी के घर और संगरूर के घराचों में हुई छापे को लेकर अब तक सीबीआई की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि ये सभी छापेमारी एक ही केस से जुड़ी या अलग-अलग मामलों का हिस्सा हैं।
चुनावी घबराहट में हो रहा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल: भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने आगामी चुनावों को देखते हुए पंजाब में अपनी राजनीतिक रणनीति के तहत उनके कैंप ऑफिस पर रेड करवाई है। सीएम मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी को पंजाब की जनता से मिल रहे अपार जन समर्थन से घबराकर भाजपा अब ईडी (ED) और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही। उनका मकसद पंजाब सरकार और उनकी छवि को धूमिल करना है। फिलहाल सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट में होने वाली आगामी सुनवाई पर टिकी हैं, जिससे इस पूरे घटनाक्रम की कानूनी तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।