Bihar Chhath Pooja 2026 : लोक आस्था के महापर्व छठ की रौनक पूरे बिहार में देखने को मिल रही। पर्व के दूसरे दिन यानी आज खरना का पवित्र अनुष्ठान किया जा रहा। इस मौके पर व्रतियों ने पूरे दिन का उपवास रखा है। शाम को भगवान भास्कर की पूजा कर प्रसाद ग्रहण किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला अनुष्ठान का संकल्प ले लिया है। इस पावन अवसर पर राज्यभर के गंगा घाटों और अन्य नदियों के तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

सुरक्षा और जन सुविधा के कड़े इंतजाम

छठ महापर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। दानापुर से दीदारगंज तक कुल 90 गंगा घाटों और कई अस्थाई तालाबों पर अर्घ्य देने की खास व्यवस्था की गई है।

दीघा घाट पर विशेष व्यवस्था : दीघा में गंगा का तीन किलोमीटर लंबा एक ही पाट है, जहां सबसे ज्यादा भीड़ जुटने की संभावना है। यहां संत माइकल स्कूल से लेकर दीघा नहर रोड के बीच किसी भी रास्ते से छठ व्रती और श्रद्धालु दीघा घाट आसानी से पहुंच सकेंगे। भीड़ को देखते हुए यहां 7 हजार गाड़ियों की पार्किंग का इंतजाम किया गया है।

डबल लेयर बैरिकेडिंग : श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगा घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर डबल लेयर बैरिकेडिंग की गई है और उसमें नेट लगाए गए हैं, ताकि कोई भी श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी की ओर न जा सके। सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट नजर आ रही श्रद्धालु रिंकी देवी ने बताया कि छठ को लेकर घरों में काफी रौनक है और वे गंगा स्नान करने के बाद प्रशासन की तैयारियों से संतुष्ट हैं।

विभिन्न जिलों में छठ महापर्व की तैयारियां

भागलपुर : सीढ़ी घाट पर कीचड़ और दलदली जमीन को लेकर समस्या थी, जिसे डीएम डॉ. अलंकृता पांडेय के निर्देश पर नगर निगम की टीम द्वारा तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है।

समस्तीपुर : शहर के बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट को खतरनाक घोषित कर दिया गया है। स्थानीय निवासी नीतीश सिंह के अनुसार यह घाट शहर का सबसे सुंदर घाट हुआ करता था, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति खतरनाक हो चुकी है।

पूर्णिया : कला भवन स्थित छठ घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घाट पर साफ-सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है।

बाढ़ और फतुहा : बाढ़ में श्रद्धालु गंगा घाट पर स्नान करके पीतल और तांबे के पात्र में पवित्र गंगाजल अपने साथ ले जा रहे। फतुहा के कटैया घाट पर भी छठ व्रती महिलाएं गंगा स्नान कर इसी गंगाजल को अपने घर ले जा रहीं, जिससे खरना का प्रसाद तैयार किया जाएगा।

कटिहार : महापर्व को लेकर कटिहार के घाट पूरी तरह सजकर तैयार हैं। मिर्चाइबारी बीएमपी धार, कोशी धार और विजय पोखर समेत नगर निगम क्षेत्र के 37 छठ घाटों को सजाने-संवारने का कार्य अंतिम चरण में है।

रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़

छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे पूरी तरह सक्रिय है। रेल एएसपी रश्मि कुमारी ने बताया कि स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है, जिस चलते भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही। पटना जंक्शन पर आने-जाने वाले यात्रियों को असुविधा न हो, उसके लिए 6000 स्क्वायर फीट में अस्थाई शेड का निर्माण किया गया है।

कौन हैं षष्ठी देवी?

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक षष्ठी देवी भगवान सूर्य की मानस बहन हैं। यही कारण है कि भगवान भास्कर के साथ उनकी बहन षष्ठी देवी की भी पूजा की जाती है। प्रकृति के षष्टम अंश से षष्ठी माता की उत्पत्ति हुई है। बच्चे के जन्म के छठे दिन भी षष्ठी मैया की पूजा की जाती है, जिससे बच्चा दीर्घायु एवं निरोग रहे। एक अन्य आख्यान के अनुसार षष्ठी देवी को भगवान कार्तिकेय की शक्ति और देवसेना भी कहा गया है।