Narendra Modi Bihar Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दोपहर बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया। इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में नीतीश सेतु रखा गया है। कार्यक्रम शुरू होने से पहले पीएम मोदी ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार को गले लगाया। पुल का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री खुद उस पर चले और गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार ने लंबे समय तक बदहाली झेली थी, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में लोगों को सुशासन का भरोसा मिला। उनके मुताबिक यह नया पुल नीतीश कुमार के सेवा भाव और समर्पण का सम्मान है।

बिजली उत्पादन का केंद्र बन रहा बिहार: मोदी

प्रधानमंत्री ने बिजली और सुशासन की स्थिति पर बात करते हुए कहा कि एक दौर ऐसा भी था, जब बिहार के कई गांवों में बिजली नहीं पहुंचती थी, लेकिन आज यही राज्य बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए के शासन से पहले बिहार में केवल घोटालों की चर्चा होती थी, जबकि आज राज्य में निवेश के आंकड़ों पर बात होती है। पीएम मोदी ने गंगा मैया को नमन करते हुए कहा कि यह पुल जनता को समर्पित किया गया है। इससे पटना और वैशाली के बीच की दूरी और आने-जाने की मुश्किलें काफी कम हो जाएंगी। अब किसानों और पशुपालकों के लिए फल, सब्जियां और दूध बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों के इलाज के लिए आवाजाही में भी बड़ी मदद मिलेगी।

दिवंगत रामविलास पासवान को किया याद

पीएम मोदी ने राजनीतिक और विकास के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते हुए लंबे समय तक बिहार की सेवा की और अब उनके आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की टीम काम को आगे बढ़ा रही है। इसी सिलसिले में नई विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री ने दिवंगत नेता रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि उनकी आत्मा जहां भी होगी, वहां से आशीर्वाद और फूलों की बरसात कर रही होगी, क्योंकि उनके सपने पूरे होते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि 3 दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास का नया रास्ता चुना था। लोकतंत्र की ताकत को जन कल्याण से जोड़ते हुए एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर वैशाली की धरती को इस आयोजन के लिए चुना गया। पीएम मोदी ने वैशाली की मिट्टी को नमन किया।

यह भीड़ विकास के प्रति लोगों की जागरूकता दिखाती है: पीएम

जनसमूह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह बिहार के लोगों, मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं का आभार जताते हैं। लोगों का इतना बड़ा हुजूम देखकर लगता है कि इसे कैमरे में समेटना मुश्किल होगा और यह भीड़ विकास के प्रति लोगों की जागरूकता दिखाती है। छठ महापर्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अभी लोक आस्था का महापर्व छठ पूरा हुआ है, जिसमें माताओं और बहनों ने कठिन व्रत रखकर परिवार, समाज और पूरे संसार के कल्याण की कामना की है और छठी मैया के आशीर्वाद से आज विकास का उत्सव मनाया जा रहा है।

पिछले 1 साल में हुए 2 लाख करोड़ के निवेश समझौते

शहरी सफर को आसान बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने बिहार के अलग-अलग शहरों के लिए 100 आधुनिक पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम आवास योजना के अंतर्गत हजारों परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबी भी दी गई। पीएम मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर 21 विभागों की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 34470 करोड़ से अधिक है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में विकास को लेकर तेज गति दिख रही और हर हिस्से में नए काम हो रहे। डबल इंजन सरकार के तहत बीते एक साल में दो लाख करोड़ के निवेश समझौते भी किए गए हैं। शिक्षा और खेती से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि खेतों की सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली देने का फैसला किया गया है और बीते एक साल में 200 से ज्यादा नए डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में हुए विकास कार्यों की सूची इतनी लंबी है कि किसी एक मंच से सब कुछ गिनाया नहीं जा सकता, इसे तो यहां आकर ही महसूस किया जा सकता है।

सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैशाली में नीतीश सेतु का उद्घाटन हुआ है और कुछ लोग प्रोटोकॉल के तहत सीएम-पीएम की तस्वीरों की बात करते हैं, लेकिन उनके हिसाब से पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जिस पुल का उद्घाटन हुआ और जिस पर प्रधानमंत्री चलकर आए, उसका नाम नीतीश सेतु रखने के फैसले ने बिहार के लोगों का दिल जीत लिया है क्योंकि नीतीश कुमार सभी के दिलों में बसते हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि सांसद होने के नाते उनके लिए यह गर्व की बात है कि पीएम मोदी उनके संसदीय क्षेत्र में आए और जनता की एक बड़ी मांग पूरी करते हुए यह पुल बिहारवासियों को सौंपा।