उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे में पावर हाउस के पास हुआ। श्रद्धालु चित्रकूट में दीपदान और दर्शन करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।
तड़के करीब ढाई बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के खीरी थाना क्षेत्र स्थित ऊंचा गांव से करीब दो दर्जन श्रद्धालु शनिवार को चित्रकूट के दीपदान मेले में शामिल होने आए थे। उनके साथ मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रहने वाले कुछ रिश्तेदार भी थे। रविवार देर रात सभी लोग दर्शन और दीपदान करने के बाद घर लौट रहे थे। सोमवार तड़के करीब ढाई बजे रामनगर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला (हिच) अचानक टूट गया। ट्रैक्टर आगे निकल गया, जबकि श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली बेकाबू होकर हाईवे किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए।
एक मासूम समेत चार लोगों की मौत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में मध्य प्रदेश के रीवा जिले के तीन और प्रयागराज का एक व्यक्ति शामिल है। इनमें दो बच्चे भी बताए गए हैं।
सात घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
हादसे में घायल 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें सात की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार रामनगर में किया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
जांच में जुटा प्रशासन
प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक टूटना हादसे की वजह सामने आया है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रशासन हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहा है। दीपदान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे से उनके परिवारों में मातम पसरा है।