वाराणसी में देव दीपावली की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी के गंगा घाट 11 लाख से अधिक मिट्टी के दीपों से रोशन होंगे। लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए हैं। इस बार गंगा में नावों के संचालन के लिए नमो घाट से अस्सी घाट तक पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा, ताकि नावों की आवाजाही व्यवस्थित रहे और टकराव की आशंका कम हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछले वर्षों में सामने आई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।

11 लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाएंगे घाट और कुंड

देव दीपावली पर वाराणसी के सभी प्रमुख पक्के घाटों, गंगा के सामने रेतीले तटों और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर दीप जलाए जाएंगे। इस आयोजन में महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए मिट्टी के दीपकों का भी इस्तेमाल होगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि दीपोत्सव का आयोजन केवल गंगा घाटों तक सीमित न रहे। सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष रोशनी और दीपोत्सव की व्यवस्था की जाएगी।

20 नवंबर से शुरू होगा गंगा महोत्सव

देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर चार दिवसीय गंगा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। 24 नवंबर की शाम दशाश्वमेध घाट पर गंगा महाआरती होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा, जबकि काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की योजना है।

नावों के लिए पहली बार लागू होगा टू-वे लेन सिस्टम

पिछले वर्षों में देव दीपावली के दौरान गंगा में नावों की भारी भीड़ के कारण जाम और टकराव की आशंका बनी रहती थी। इसे देखते हुए इस बार नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वाटर जेट्टी लगाकर दो अलग-अलग लेन बनाई गई हैं। नई व्यवस्था के तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर एक निर्धारित रास्ते से जाएंगी, जबकि वापसी में उन्हें सामने की रेतीली पट्टी की ओर से नमो घाट तक आना होगा। इस तरह आने और लौटने वाली नावों के रास्ते अलग रहेंगे। डीजल से चलने वाली और दूसरे जिलों से आने वाली बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। नाविकों को सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए प्रशिक्षण देने की भी व्यवस्था की जा रही है।

27 वॉच टावर और ड्रोन से होगी निगरानी

लाखों लोगों की भीड़ को देखते हुए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा के लिए 27 वॉच टावर बनाए जाएंगे। ड्रोन कैमरों, क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और पुलिस की विशेष टुकड़ियों से निगरानी की जाएगी। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड तैनात रहेगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे और पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से गश्त करेगी। नदी में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF, फ्लड PAC, जल पुलिस और वाटर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी सक्रिय रहेगा।

31 स्थानों पर पार्किंग और शहर में ट्रैफिक डायवर्जन

देव दीपावली के दौरान शहर को जाम से बचाने के लिए सात बाहरी डायवर्जन प्वाइंट बनाए जाएंगे। शहर में 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रमुख मार्गों और घाटों के आसपास तैनात रहेंगी।मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। दीपदान पूरा होते ही घाटों की सफाई कराई जाएगी, ताकि अगले दिन सुबह गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

गुरु नानक जयंती के लिए भी विशेष इंतजाम

इस साल 24 नवंबर को देव दीपावली के साथ गुरु नानक जयंती भी मनाई जाएगी। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और श्रद्धालुओं के जुटने की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा है। होटल, टैक्सी और रेस्टोरेंट संचालकों से भी उचित दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।