बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'धुरंधर' की सिंगर रेबले के साथ एक खतरनाक हादसा हो गया। लाइव परफॉरमेंस देते हुए सिंगर के साथ ऐसी घटना हुई, जिसके बाद वो शो बीच में छोड़कर जाने पर मजबूर हो गईं। 'धुरंधर' के गानों में अपनी आवाज देकर मशहूर हुईं रैपर और सिंगर रेबले असम के गुवाहाटी में एक म्यूजिक इवेंट में गाना गाते समय अचानक ड्रोन हादसे का शिकार हो गईं। जब वो स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं तो उनके चेहरे से अचानक ड्रोन टकरा गया। इस घटना से सिंगर बुरी तरह से घबरा गईं और कुछ देर रुकने के बाद बिना कुछ कहे वो स्टेज छोड़कर वहां से चली गईं। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे देखकर फैंस भी चिंता जाहिर कर रहे हैं।
सिंगर के चेहरे से टकराया ड्रोन
आपको बता दें, ये घटना 26 नवंबर की है। गुवाहाटी में 'PULSE 2026 Awards' के दौरान रेबले परफॉर्मेंस दे रही थीं। वो स्टेज पर 'धुरंधर' का पॉपुलर गाना 'रन डाउन द सिटी- मोनिका' गाते हुए डांस भी कर रही थीं। तभी अचानक एक ड्रोन उड़ता हुआ आया और सीधे सिंगर के चेहरे से टकरा गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चेहरे से ड्रोन टकराते ही रेबले चौंक गईं। उन्होंने कुछ देर के लिए अपनी परफॉर्मेंस रोकी और फिर वो स्टेज से नीचे चली गईं। इस हादसे ने वहां मौजूद दर्शकों को भी हैरान कर दिया था।
लाइव शो पर हादसे का वीडियो वायरल
अब हादसे के इस वीडियो को किसी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो सामने आने के बाद से सोशल मीडिया पर रेबले की सेफ्टी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि लाइव शो में ड्रोन उड़ाते हुए सावधानी बरतनी जरूरी है क्योंकि लापरवाही किसी आर्टिस्ट के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। कुछ लोग ये भी जानना चाहते हैं कि ड्रोन टकराने वाली घटना के बाद सिंगर की हालत कैसी है और कहीं उन्हें ज्यादा चोट तो नहीं आई। फिलहाल रेबले की चोट को लेकर कोई ऑफिशियल जानकारी या बयान सामने नहीं आया है। उन्होंने भी इस हादसे पर अब तक कोई रिएक्शन नहीं दिया है।
कौन हैं सिंगर रेबले?
बता दें, रेबले का असली नाम दायाफी लामारे है। वो मेघालय के वेस्ट जयंतिया हिल्स की रहने वाली हैं। रेबले ने छोटी उम्र में ही रैप और म्यूजिक की दुनिया में अपने कदम रख दिए थे और महज 11 साल की उम्र में रैप करना शुरू कर दिया था। शुरुआत में वो 'दया' नाम से परफॉर्म करती थीं, लेकिन बाद में उन्होंने अपना नाम बदलकर रेबले रख लिया। उन्हें बॉलीवुड की फिल्म 'धुरंधर' के गानों से देशभर में पॉपुलैरिटी मिली है। फिल्म के 'रन डाउन द सिटी- मोनिका' और 'नाल नचना' जैसे गानों में उनकी आवाज को लोगों ने काफी पसंद किया है।